Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के रंका थाना पुलिस ने बीती रात गश्त के दौरान दो अंतरराज्यीय अपराधियों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से अवैध हथियार, कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बिहार के औरंगाबाद में गैलेक्सी मेडिकल के मालिक जूनैद अहमद की हत्या की जिम्मेदारी स्वीकार की। बीती रात 8:30 बजे, रंका पुलिस ने NH-343 झुमेलवा मोड़ के पास एक काली अपाचे मोटरसाइकिल रोककर तलाशी ली। सत्यदेव यादव के पास एक लोडेड पिस्टल और 4 जिंदा गोलियां मिलीं। फैयाज उर्फ फैज अंसारी के पास एक लोडेड कट्टा और 1 जिंदा गोली बरामद हुई। चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल, ₹5,420 नगद और हेलमेट जब्त किया गया। पूछताछ में फैज अंसारी ने बताया कि उन्होंने मोटरसाइकिल चोरी करके रंग बदलकर अपराधों को अंजाम दिया। उन्होंने स्वीकार किया कि 30 जनवरी 2026 को जूनैद अहमद की हत्या की और छत्तीसगढ़ में दो अन्य हत्याओं की योजना बना रहे थे, जिसे पुलिस ने नाकाम किया। पुलिस अब इनके सहयोगियों और नेटवर्क को पकड़ने में जुटी है।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
सत्यदेव यादव: पूर्व उग्रवादी, गढ़वा, मेराल, डंडई और रंका थानों में हत्या, आगजनी और आर्म्स एक्ट जैसे दर्जनों मामले दर्ज।
फैयाज अंसारी: औरंगाबाद हत्याकांड में मुख्य शूटर।














