Kohramlive : बर्फीले दावोस में झारखंड के विकास की गर्म आहट सुनाई दी। CM हेमंत सोरेन से स्वीडन-इंडिया बिजनेस काउंसिल की चीफ इंडिया रिप्रेजेंटेटिव सेसिलिया ओल्डने ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस अहम भेंट में झारखंड और स्वीडन के बीच व्यापारिक साझेदारी को नई ऊंचाई देने और अर्बन मोबिलिटी में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। CM हेमंत सोरेन के साथ महिला एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष सह विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन और झारखंड का आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहे। बातचीत का केंद्र रहा, निवेश, तकनीक और टिकाऊ शहरी परिवहन।
झारखंड बनेगा स्वीडिश निवेश का नया ठिकाना
सेसिलिया ओल्डने ने साफ कहा कि स्वीडन-इंडिया बिजनेस काउंसिल झारखंड के साथ व्यापारिक सहयोग बढ़ाने के लिये पूर्ण समर्थन देने को तैयार है। उन्होंने बताया कि फिलहाल 50 से अधिक स्वीडिश कंपनियां भारत में सक्रिय हैं और आने वाले समय में झारखंड महत्वपूर्ण निवेश गंतव्य बन सकता है। बैठक में इस बात पर भी सहमति बनी कि मुख्यमंत्री के पिछले वर्ष के स्वीडन दौरे और वोल्वो समेत अन्य कंपनियों के साथ हुई चर्चाओं के निष्कर्षों को आगे बढ़ाने के लिये अप्रैल माह में एक विशेष राउंडटेबल बैठक आयोजित की जायेगी। इसमें खास तौर पर अर्बन मोबिलिटी और शहरी परिवहन के फाइनेंसिंग मॉडल पर मंथन होगा।
ई-साइकिल से बदलेगी बच्चों की राह
CM हेमंत सोरेन ने झारखंड सरकार की एक अनूठी पहल का जिक्र करते हुये बताया कि राज्य में हर वर्ष लाखों सरकारी स्कूल के छात्रों को साइकिलें दी जाती हैं, ताकि शिक्षा की राह में कोई रुकावट न आये। उन्होंने स्वीडन-इंडिया बिजनेस काउंसिल से आग्रह किया कि स्कूली बच्चों के लिये ई-साइकिल की संभावनाओं पर एक फीजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की जाये, जिससे यह आकलन हो सके कि ई-साइकिलों को बच्चों तक प्रभावी और सुरक्षित तरीके से कैसे पहुंचाया जा सकता है।








