Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा में रविवार की दोपहर SDO संजय कुमार अपनी टीम के साथ बरडीहा के जंगलनुमा इलाकों में उतरे। उनके कदमों की आहट वहां गूंजी, जहां कुछ लोग समाज को जहर पिला रहे थे। लगातार मिल रही गुप्त सूचनाओं पर रविवार को उन्होंने बरडीहा प्रखंड के सुखनदी और आसपास के ग्रामीण इलाकों में दो घंटे तक सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। नतीजा, दो अवैध शराब निर्माण अड्डों को ध्वस्त कर दिया गया। तीन भट्ठियां मौके पर तोड़ी गईं, 10 कुंटल से अधिक अर्धनिर्मित महुआ जावा को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। SDO संजय कुमार ने बताया कि “हमें व्हाट्सएप, फेसबुक मैसेंजर और अन्य माध्यमों से लगातार गोपनीय सूचनायें मिल रही थीं। इन्हीं के आधार पर यह औचक कार्रवाई की गई।” छापेमारी की भनक लगते ही आरोपी फरार हो गये। लेकिन नाम छिप नहीं सके, लालमन यादव, गोपाल, विजेंद्र, विनय और संदीप के नाम सामने आये हैं। इन पर FIR दर्ज कर दी गई है।
SDO संजय कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “अवैध शराब सिर्फ अपराध नहीं, यह सामाजिक जहर है। ऐसे लोग समाज की शांति को तोड़ते हैं। अब इनके खिलाफ नियमित और कठोर कार्रवाई की जायेगी।” उन्होंने स्थानीय थाना को निर्देश दिया है कि इन क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाये, ताकि कोई भी नशे का कारोबार फिर सिर न उठा सके। उन्होंने कहा कि “आम नागरिक प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या हेल्पलाइन 112 पर दें।” मौके पर रविंद्र पासवान, कंचन प्रसाद, अनिल कुमार, रमेश प्रसाद और राम प्यारे राम भी मौजूद रहे।








