- मानवता हुई शर्मसार, बेटों और बेटी ने नहीं ली सुध, पड़ोसियों ने भी नहीं दिया ध्यान
कोहराम लाइव डेस्क : 60 दिन तक घर में कैद रहे बुजुर्ग दंपति। जब घर का दरवाजा खुला तो दोनों बदहवास मिले। दोनों की हालत बेहद खराब थी। नाखून और बाल काफी बढ़े थे और कपड़े बेहद मैले और शरीर काफी कमजोर हो गया था। दोनों ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह तब जब उनका भरा-पूरा और संपन्न परिवार है। दो बेटे, एक बेटी-दामाद। उनकी हालत देखकर सबके मन में बस एक ही सवाल उमड़ रहा था कि ईश्वर करे किसी के साथ ऐसा न हो।
सेना से रिटायर हैं बुजुर्ग
65 वर्षीय बुजुर्ग खुद सेना से (असम रायफल) रिटायर हैं। उनकी पत्नी की उम्र 60 साल की है। उनके पड़ोसियों ने भी उनकी कोई सुध नहीं ली। उनके घर का दरवाजा दो महीने तक नहीं खुला और किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया। न ही किसी बाल-बच्चे को इस बात की खबर लगी। दिल्ली में रह कर नौकरी कर रहे बेटों का कहना है कि सितंबर में उनसे बातचीत हुई थी और दो महीने पहले बहन ने उनके ठीक होने की खबर दी थी। बहन ने भी कहा कि दो महीने पहले उनसे बात हुई थी, तो दोनों ठीक थे।
इसे भी पढ़ें : वित्त मंत्री ने पेश किया Budget 2021, जानिए खास बातें…
60 दिन तक दबंगों के डर से बंद कर लिया था घर
उधर, पड़ोसियों का कहना है कि बुजुर्ग अक्सर शराब पीकर पत्नी के साथ झगड़ा किया करते थे। इस कारण कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। पुलिस ने जब उनके घर का दरवाजा खोला, तो बुजुर्ग बदहवास पड़े थे। पुलिस ने वीडियो बनाकर उनके बेटों को भेजा। जब बेटों ने वीडियो देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। वे फौरन पहुंचे मां-बाप को देखने। अस्पताल में उन्हें देखकर उनका दिल भी विचलित हो गया।
दंपति ने बेटों को बताया कि कुछ दबंग उन्हें लगातार तंग करते थे। उनसे पैसे ऐंठते थे। घर के पैसे, जेवर भी ले गए। उन्हें डराते-धमकाते थे। उनके डर से ही उन्होंने खुद को कैद कर लिया था। अब ऐसी हालत हो गई। पड़ोसियों को भी दबंगों ने धमकाया था। इसलिए कोई मदद के लिए नहीं आया। बेटों ने बताया कि वे लोग भी काम में व्यस्त हो गए थे। ऐसी हालत के बारे में सोचा भी नहीं था। लेकिन अब बहुत पछतावा हो रहा है।
इसे भी पढ़ें : पत्नी पर करता था शक, रोज होते थे झगड़े, आखिरकार…
पांच हफ्ते से खाना नहीं खाया था दोनों ने
दंपति का इलाज कर रहे डॉक्टर ने बताया कि बुजुर्ग दंपति काफी बुरी हालत में अस्पताल पहुंचे थे। सबसे पहले उनके कपड़े बदलवाए गए। उन्होंने बताया कि दोनों की मानसिक हालत सही नहीं है। सरसरी तौर पर देखने से लग रहा है कि उन्होंने चार या पांच हफ्ते से खाना नहीं खाया है। दोनों के शरीर में पानी की भी कमी हो गई है। यह वाकया हुआ रविवार को उत्तराखंड की बागेश्वर नगरपालिका के बिलौना वार्ड में। खैर, गलती किसी की हो, लेकिन इससे मानवता जरूर शर्मसार हुई।















