Bihar : बिहार की राजधानी पटना मंगलवार को नारों से गूंज उठी। हाथों में तिरंगा, भगत सिंह की तस्वीरें और मांगों वाले पोस्टर लिये हजारों छात्र गांधी मैदान से निकले तो आंदोलन देखते ही देखते सड़कों पर फैल गया। जेपी गोलंबर, होटल मौर्या और डाकबंगला चौराहे पर बैरिकेडिंग टूटी और पुलिस-प्रदर्शनकारियों के बीच जोरदार टकराव की स्थिति बन गयी। छात्रों को रोकने के लिये पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और लाठीचार्ज किया। कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। छात्र नेत्री खुशबू पाठक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। वाटर कैनन की कार्रवाई के बीच एक छात्रा सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़ी, जिसे पुलिस ने मौके से हटाकर इलाज के लिये भेजा।
गांधी मैदान से निकला मार्च, बैरिकेडिंग बनी पहली दीवार
मंगलवार सुबह गांधी मैदान के गेट नंबर-10 के पास छात्र जुटने लगे थे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं वहां पहुंच गये। हाथों में तिरंगा, भगत सिंह की तस्वीरें और विभिन्न मांगों वाले पोस्टर थे। छात्रों की आवाज साफ थी, BPSC भर्ती में संविदा कर्मियों को मिलने वाला अतिरिक्त वेटेज खत्म हो और सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर मिले। वहीं, छात्रों ने BPSC अध्यक्ष के.एस. द्विवेदी की संपत्ति की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी उठायी। मार्च आगे बढ़ा तो जेपी गोलंबर पर पुलिस की बैरिकेडिंग सामने थी। छात्रों ने उसे तोड़ दिया और डाकबंगला की ओर बढ़ गये। पुलिस को उन्हें रोकने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
होटल मौर्या की बैरिकेडिंग भी टूटी, पैरामिलिट्री तैनात
जेपी गोलंबर के बाद होटल मौर्या के पास एक और बैरिकेडिंग लगायी गयी थी। यहां पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गयी थी। लेकिन प्रदर्शनकारियों का हुजूम इतना बड़ा था कि कुछ ही मिनटों में बैरिकेडिंग टूट गयी और छात्र डाकबंगला की तरफ बढ़ गये। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई जगह धक्का-मुक्की और नोकझोंक हुई। डाकबंगला चौराहे पर छात्र दो तरफ से आगे बढ़ रहे थे, जिससे पुलिस के सामने भीड़ को नियंत्रित करने की चुनौती बढ़ गयी।
वाटर कैनन चला तो सड़क पर गिरी छात्रा
डाकबंगला के पास हालात बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन चलाया। इसके साथ लाठीचार्ज भी किया गया। वाटर कैनन की तेज बौछारों के बीच एक छात्रा सड़क पर बेहोश पड़ी मिली। मौके पर पुलिसकर्मियों को बुलाया गया और छात्रा को वाहन में बैठाकर वहां से ले जाया गया। वहीं, प्रदर्शन के दौरान एक महिला पुलिसकर्मी के घायल होने की भी सूचना है। एक महिला जवान अपनी घायल साथी को इलाज के लिये ले जाती दिखी। प्रदर्शन के दौरान ट्रेनी DySP नवनीत आनंद पर एक छात्र को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद छात्रों में नाराजगी और बढ़ गयी। इसके कुछ देर बाद वही छात्र पुलिसकर्मी के पैर पर गिरकर रोते हुये कहता नजर आया, ‘प्लीज छोड़ दीजिये सर।’छात्रों ने इस कार्रवाई पर पुलिस के खिलाफ जमकर नाराजगी जतायी। भूख-हड़ताल पर बैठने वाले छात्र अमन को उसके साथी गोद में उठाकर प्रदर्शन स्थल तक पहुंचे। कैमरे के सामने अमन रोते हुए आरोप लगाता दिखा कि उसे गांधी मैदान SHO ने मारा है। प्रदर्शन के बीच छात्र नेत्री खुशबू पाठक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस उन्हें वैन में बैठाकर ले गयी। इसके बाद प्रदर्शनकारी छात्रों में नाराजगी और तेज हो गयी। पुलिस की कार्रवाई के विरोध में छात्रों ने नारेबाजी की।
छात्रों के साथ अचानक मैदान में उतरे किसान
आंदोलन में उस समय नया मोड़ आया, जब सैटेलाइट टाउनशिप का विरोध कर रहे किसान भी बड़ी संख्या में जेपी गोलंबर पहुंच गये। किसानों ने छात्रों के साथ मिलकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। डाकबंगला चौराहे पर किसानों और पुलिस के बीच भी नोकझोंक हुई। किसान अपनी मांगों को लेकर आगे बढ़ना चाहते थे, जबकि पुलिस बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश करती रही। कुछ प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री से सीधे मिलने की मांग भी कर रहे थे। उनका कहना था कि उनकी समस्या का समाधान शीर्ष स्तर पर ही होना चाहिये।
📍 पटना, बिहार
BPSC आंदोलन के बीच अभ्यर्थियों पर बिहार पुलिस ने वाटर कैनन चलाया। बताया जा रहा है कि छात्र बैरिकेड तोड़कर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन… pic.twitter.com/Ikxa0TtbKK
— Mazhar Khan (@Mazhar4justice) August 25, 2026
पटना में छात्रों पर वॉटर कैनन*
*पेपर लीक पर हंगामा* pic.twitter.com/8D4gy7uFA8— amarshah (@amargkp_shah) August 25, 2026
पटना में वाटर कैनन चली तो शैंपू लगाकर नहाने लगे छात्र, डाक बंगला चौराहा पर छात्रों को कंट्रोल करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। कुछ छात्र शैंपू लगाकर नहाने लगे। pic.twitter.com/WyEfsqO5kh
— Sadan Singh Rajput (@SadanJee) August 25, 2026
पटना में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, डाकबंगला पर बैरिकेडिंग तोड़ने के बाद वाटर कैनन का इस्तेमाल#Patna #StudentProtest #BiharStudents #WaterCannon #StudentProtest #BiharNews #BreakingNews #PatnaNews pic.twitter.com/CiA4opVA9k
— Tazza Khabren (@tazzakhabren17) August 25, 2026



.














