Ranchi : 1993 बैच के IAS अधिकारी अविनाश कुमार को झारखंड का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। अविनाश कुमार फिलहाल ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव थे और अब वे राज्य प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी संभालेंगे। नई भूमिका के साथ ही उन्हें मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव और नई दिल्ली स्थित झारखंड भवन के मुख्य स्थानिक आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव को विकास आयुक्त का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है।
दरअसल, मौजूदा मुख्य सचिव अलका तिवारी 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हो रही थी। हालांकि 26 सितंबर को ही उनका अंतिम कार्य दिवस रहा। उनके रिटायरमेंट के बाद नये CS की रेस में कई नाम सामने आये थे, जिनमें निधि खरे और अजय कुमार सिंह भी शामिल थे। लेकिन आखिरकार भरोसा अविनाश कुमार पर जताया गया। अविनाश कुमार पहले भी मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव का प्रभार संभाल चुके हैं। वे CM हेमंत सोरेन के करीबी माने जाते हैं। दिल्ली स्थित झारखंड भवन में स्थानिक आयुक्त की जिम्मेदारी भी वे देख चुके हैं। ऊर्जा क्षेत्र में भी उनकी भूमिका अहम रही है—वे झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड और बिजली वितरण निगम लिमिटेड, रांची के शीर्ष पदों पर काम कर चुके हैं।















