Ranchi : झारखंड ATS की टीम ने गैंगस्टर अमन साहू के गिरोह को तीखी चोट दी है। ATS ने बीते कल यानी 17 जुलाई को गिरोह के तीन सदस्यों को धर दबोचा। इनमें शार्प शूटर चंदन साव, वारिस अंसारी और सोनू कुमार शामिल है। हजारीबाग बड़कागांव में हुए ऋत्विक कंपनी के अधिकारी शरत बाबू हत्याकांड और रांची के अरगोड़ा इलाके में फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में शार्प शूटर 28 साल का चंदन साव वांटेड था। रामगढ़ के पतरातू थाना क्षेत्र के सांकुल का रहनेवाले चंदन साव को रांची के ओरमांझी के दड़दाग गांव से गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ पुलिस फाइल में रामगढ़, लातेहार और हजारीबाग में करीब 8 मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार चंदन साव के पास से ATS ने एक रिवाल्वर, 5 जिंदा गोलियां, 4 मोबाइल, एक बाइक और कुछ कागजात जब्त किये हैं। वहीं, पतरातू का रहने वाला 28 साल का वारिस अंसारी पतरातू में ही धरा गया। तीन कांडों में वांटेड वारिस के पास से एक देशी पिस्टल, 2 जिंदा गोलियां, एक मोबाइल और एक बाइक जब्त किया गया है। इन दोनों के अलावा 21 साल के सोनू कुमार को रांची के ओरमांझी से गिरफ्तार किया गया। वह रामगढ़ के मांडू थाना क्षेत्र के कुज्जू ट्रांसपोर्ट नगर का रहने वाला है। उसके पास से दो मोबाइल जब्त किये गये हैं। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गैंगस्टर अमन साहू के धराये तीनों गुर्गे अमन के नाम पर कोल कंपनियों के अधिकारियों और अन्य कारोबारियों को डरा-हड़का कर रंगदारी के तौर पर मोटी रकम वसूलने का काम करते थे। बीते कल यानी 17 जुलाई को अपराधियों को दबोचने गई ATS की टीम और गैंगस्टर अमन साहू के गुर्गों के बीच मुठभेड़ हो गई थी। जिसमें ATS डीएसपी नीरज कुमार और दारोगा सोनू साहू को गोली लग गई थी। दोनों का ईलाज रांची के मोडिका अस्पताल में चल रहा है।
इसे भी पढ़ें : RU ने जारी किया एडमिशन नोटिफिकेशन, जानें डिटेल्स
इसे भी पढ़ें : बीच सड़क पर जिंदा ज’ल गए एक ही परिवार के चार लोग… देखें कैसे






