UP : बुंदेलखंड की धरती पर बसे झांसी के प्रेमनगर इलाके में रिश्तों की मर्यादा को झकझोर देने वाली वारदात ने पूरे शहर को दंग कर दिया। मौसेरे देवर ने भाभी पर चाकू से हमला किया और कुछ ही घंटों बाद खुद फंदे से लटक कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों के बीच करीब दो साल से प्रेम संबंध थे, जो हाल के दिनों में कड़वाहट में बदल गये थे। खबर है कि महिला अब देवर से दूरी बनाना चाहती थी। यही बात देवर को नागवार गुजरी और गुस्से में उसने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दे दिया। घायल महिला को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पति के काम पर जाने के बाद घर में महिला और उसकी बच्ची अकेली थीं। तभी मौसेरा देवर पीछे के रास्ते से घर में दाखिल हुआ। कुछ ही पलों में घर का सन्नाटा चीखों में बदल गया और पूरा मोहल्ला दहल उठा। घटना के वक्त मासूम बच्ची की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े। आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन कुछ घंटों बाद प्रेमनगर थाने के पीछे गली में उसका शव पेड़ से लटका मिला। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।
पुलिस जांच में खुला रिश्तों का उलझा सच
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों के बीच पहले प्रेम संबंध थे। बाद में रिश्तों में खटास आ गई और महिला दूरी बनाने लगी थी। इसी तनाव ने इस सनसनीखेज वारदात को जन्म दिया। महिला मूल रूप से अहमदाबाद की रहने वाली बताई जा रही है। पति से प्रेम विवाह के बाद वह झांसी आई थी। परिवार के अनुसार, आरोपी भी पहले उसी शहर में रहता था और वहीं से रिश्तों की यह जटिल कहानी शुरू हुई। पति का दावा है कि आरोपी ने दो दिन पहले ही फोन कर जान से मारने की धमकी दी थी। अब पुलिस कॉल डिटेल, रिश्तों के पहलू और घटना की पूरी कड़ी को जोड़ने में जुटी है।










