Hazaribagh : हजारीबाग के टाटीझरिया प्रखंड के अमनारी गांव में गुरुवार रात एक सालों पुराना खाली पड़ा मिट्टी का मकान अचानक भरभराकर गिर गया। लेकिन असली हैरानी तब हुई, जब शुक्रवार सुबह मलबे में दर्जनों चांदी जैसे सिक्के दिखाई दिये। बताया जा रहा है कि यह मकान बढ़न महतो का था और लंबे समय से खाली पड़ा था। सिक्के मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।
सिक्के दिखे… लेकिन किसी ने नहीं उठाए
हैरानी की बात यह है कि सिक्के सामने होने के बावजूद ग्रामीण उन्हें उठाने से बच रहे हैं। गांव में तरह-तरह की चर्चायें हैं। कुछ लोग इसे भूत-प्रेत या अनहोनी से जोड़ रहे हैं, जिससे डर का माहौल बना हुआ है। कुछ इसे पुराना खजाना मान रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि सिक्के वास्तव में चांदी के हैं या नहीं, और वे कितने पुराने हैं। प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल अमनारी गांव में यह घटना चर्चा का सबसे बड़ा विषय बनी हुई है।















