Hazaribagh : हजारीबाग के कटकमसांडी थाना क्षेत्र के लुपुंग गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के दौरान एक पिता पर अपने छह माह के मासूम बेटे को पत्थर पर पटककर मारने का आरोप है। मृतक की पहचान अंश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पिता आकाश कुमार मेहता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, घर में सड़ा आलू फेंकने को लेकर अंश की मां निराली देवी और दादी फोटा देवी के बीच झगड़ा चल रहा था। इसी दौरान आकाश घर पहुंचा। मां और बीवी को लड़ते देख उसका पारा गरम हो गया। इल्जाम है कि आकाश ने अपने छह महीने के बेटे को उठाया और कुएं के पास रखे पत्थर पर पटक दिया।मासूम गंभीर रूप से लहूलुहान हो गया। परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गये। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
मां के बयान पर हत्या का केस
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। बच्चे की मां के बयान पर कटकमसांडी थाने में कांड संख्या 135/26 के तहत हत्या का केस दर्ज किया गया है। थानेदार अनुपम प्रकाश ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी।







