Ranchi : रांची समाहरणालय के ब्लॉक बी स्थित कमरा संख्या-211 में कार्यरत महिला कर्मियों के बच्चों के लिये ‘शिशु गृह (क्रेच)’ का आज विधिवत शुभारंभ किया गया। रांची के DC मंजूनाथ भजन्त्री ने फीता काटकर इसका उद्घाटन किया। इस मौके पर रांची पुलिस कप्तान चंदन कुमार सिन्हा एवं SDO उत्कर्ष कुमार सहित कई छोटे-बड़े अधिकारी मौजूद थे।
काम और ममता का संतुलन
इस पहल का उद्देश्य कार्यरत महिलाओं को उनके बच्चों की देखभाल के लिये सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान देना है। मातृत्व लाभ अधिनियम, 1961 में हुये संशोधन के तहत कार्यस्थलों पर क्रेच सुविधा को अनिवार्य किया गया है। इससे महिला कर्मी अपने शिशुओं को कार्य के दौरान क्रेच में रख सकेंगी, जहां उन्हें स्वस्थ आहार और आरामदायक माहौल मिलेगा। शिशु गृह के शुभारंभ के दौरान DC मंजूनाथ भजन्त्री ने नन्हे-मुन्ने बच्चों को अपनी गोद में लेकर खूब दुलार किया। बच्चे भी अपनी मासूम मुस्कान के साथ DC की गोद में खुश नजर आये, जिससे वहां का माहौल आत्मीयता और ममता से भर गया। यह पहल रांची जिला प्रशासन का एक सराहनीय प्रयास है, जो महिलाओं के सशक्तिकरण और बच्चों के सुरक्षित पालन-पोषण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।








