Ranchi(Tamad)(Sandeep Banerjee) : राजधानी से सटे तमाड़ प्रखंड सभागार में मंगलवार को ग्राम प्रधानों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की साझा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी किष्टो बेसरा और ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष यदु गोपाल सिंह मुंडा ने किया। वहीं, संचालन ग्राम प्रधान राधा गोविन्द सिंह मुंडा ने किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य था क्षेत्र में स्वच्छ विधि व्यवस्था स्थापित करना और सभी के सामूहिक प्रयास से क्षेत्र के विकास में योगदान सुनिश्चित करना। अनुमंडल पदाधिकारी किष्टो बेसरा ने कहा कि क्षेत्र के विकास में सबसे बड़ी बाधा अफीम की खेती है। उन्होंने ग्राम प्रधानों से आग्रह किया कि अफीम की खेती पूर्णतः रोकी जाये और समाज में फैली डायन प्रथा, बाल विवाह और अन्य कुरीतियों को समाप्त करने में सहयोग करें। उनका कहना था, “कुरीतियों और बुराइयों को दूर किये बिना विकास असंभव है।”
थानेदार प्रवीण कुमार मोदी ने ग्राम प्रधानों से विशेष अपील की कि किसी भी स्थिति में अपने क्षेत्र में अफीम की खेती न कराई जाये। उन्होंने चेताया कि अगर कोई व्यक्ति अफीम या डोडा के साथ पकड़ा गया, तो कानून के तहत कठोर कार्रवाई होगी। पूर्व सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह मुंडा ने कहा कि अफीम की खेती समाज के लिये अभिशाप है और इसे पूरी तरह रोकना चाहिये। उन्होंने यह भी बताया कि कभी-कभी राजनीतिक और प्रशासनिक दबाव के चलते गरीब और निर्दोष लोग जेल तक पहुंच जाते हैं। वहीं, बड़े अफसर या बिचौले बच निकलते हैं। ऐसे संवेदनशील मामलों में सभी के खिलाफ कार्रवाई जरूरी है, तभी आम लोगों का विश्वास पुलिस प्रशासन पर बना रहेगा और समाज में विद्वेष का माहौल नहीं बनेगा।
बैठक में ग्राम प्रधानों ने जर्जर सड़कों की मरम्मत की मांग भी उठाई, खासकर, तमाड़-रायडीह से पुंडीदीरी होते हुये लुंगटु परासी तक एवं सलगाडीह से जामडीह सहित अन्य कई जर्जर सड़कें को ठीक-ठाक करने की मांग की गई। अनुमंडल पदाधिकारी ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रखण्ड विकास पदाधिकारी सावित्री कुमारी ने किसानों को उन्नत बीज और वैकल्पिक खेती का अवसर उपलब्ध कराने का भी भरोसा दिलाया। बैठक में ग्राम प्रधान यदु गोपाल सिंह मुंडा, लक्ष्मण सिंह मुंडा, राधा गोविन्द सिंह मुंडा, मानकी जगन्नाथ सिंह मुंडा, राजेन्द्र सिंह मुंडा, विमल पातर, अनुप कुमार मुंडा, यदु सिंह मुंडा, दुबराज सिंह मुंडा, परेश सिंह मुंडा, शिव लोचन सिंह मुंडा, कंचन सिंह मुंडा, यमुना देवी, राजमनी देवी, प्रधान सिंह मुंडा, विजय सिंह मुंडा, भैया राम मुंडा, योगेश्वर पाहान, मनोहर महतो, गंगाधर सिंह मुंडा, गोपाल मुंडा, आमिन उरांव सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें : पटरी पर दो धड़कनों का दर्दनाक अंत…
इसे भी पढ़ें : अचानक DC साहब अंचल कार्यालय पहुंचे, फिर क्या हुआ… जानें
इसे भी पढ़ें : नशे के सौदागरों को तीखी चोट…
इसे भी पढ़ें : जज ने दे दी जान, हड़कंप…
इसे भी पढ़ें : नाटक हुआ फेल, मास्टरमाइंड निकला रोने वाला पति






