उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के उन्नाव में खेत से दो दलित लड़कियों की लाश मिलने के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। चारा लेने गई तीन नाबालिग लड़कियों में दो लड़कियों की मौत हो चुकी है, जबकि एक की हालत गंभीर है। उसका इलाज कानपुर के रीजेंसी अस्पताल में चल रहा है। भीम आर्मी से लेकर कांग्रेस तक सभी कर रहे लड़की को दिल्ली एयरलिफ्ट करने की मांग।
भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने ट्वीट कर कहा, ‘उन्नाव केस की एकमात्र गवाह बच्ची का बेहतर इलाज व उसकी सुरक्षा सबसे जरूरी है, बच्ची को तत्काल एयर एंबुलेंस से AIIMS दिल्ली लाया जाए, उत्तर प्रदेश सरकार का अपराधियों को संरक्षण व अपराधियों के मामले में सरकार की कार्यशैली को देश हाथरस कांड में देख चुका है।’
वहीं, जिग्नेश मेवाणी ने कहा, ‘उत्तर प्रदेश के सभी लोगों से मेरी अपील है की जब तक उन्नाव की दुर्घटना की पीड़ित बहनों के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक उनकी लाश को स्वीकार न करें, न्याय के लिए दबाव बनाएं, एक बहन की अच्छे से अच्छे अस्पताल में चिकित्सा की जाए।’
समाजवादी पार्टी ने कहा, ‘बेटियों के लिए काल बन चुके भाजपा शासित यूपी में सत्ता संरक्षित नृशंस अत्याचार की एक और विचलित कर देने वाली घटना का केंद्र बना उन्नाव! जंगल में पेड़ से बांध कर दो दलित लड़कियों की हत्या, एक अति गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, अत्यन्त दुखद! दरिंदों को कठोरतम सजा दिला हो न्याय।’
वहीं, कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा, ‘उन्नाव में दो दलित बच्चियां मृत पाई गरी है, तीसरी गंभीर घायल हैं, तुरंत एयरलिफ्ट करके एम्स, दिल्ली में इलाज किया जाय।’
क्या है पूरा मामला
असोहा थाना क्षेत्र के बबुरहा गांव में तीन लड़कियां खेत में बेहोशी के हालात में मिली थीं। घटनास्थल पर काफी सारा झाग पड़ा था। डॉक्टर के द्वारा प्रथम दृष्ट्या प्वाइजन सिम्पटम्स बताए गए हैं। तीन में से दो लड़कियों की मौत हो चुकी है, जबकि एक की हालत नाजुक है। उसे कानपुर के रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कानपुर के रीजेंसी अस्पताल में भर्ती लड़की का सीटी स्कैन कराया गया है। लड़की को अभी होश नहीं आया है। उधर, लड़की की मां का कहना है कि लड़कियों के हाथ-पांव नहीं बंधे हुए थे और कपड़े भी ठीक थे। लेकिन उनके मुंह से झाग निकल रहा था।
मौके पर आईजी और डीआईजी समेत कई पुलिस अफसर पहुंच गए। उन्नाव के एसपी आनंद कुलकर्णी के अनुसार, घटनास्थल पर मौजूद लोगों का बयान दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : ग्रामीणों का तुगलकी फरमान, …और शव का भी कर दिया सामाजिक बहिष्कार
इसे भी पढ़ें : नाराज़ युवक को समझाने गए भाजपा कार्यकर्ता, पैर फिसल कुएं मे जा गिरे, इलाज के दौरान मौत








