Kohramlive : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुये आतंकी हमलों के बाद पूरे देश में आक्रोश है। बायसरन घाटी में मंगलवार को सेना की वर्दी पहने आतंकियों ने पर्यटकों को धर्म पूछकर गोली मार दी। इस हमले में अब तक 26 लोगों की मौत और 17 के घायल होने की पुष्टि हुई है। हमले में 2 पाकिस्तानी आतंकियों समेत कुल 4 दहशतगर्दों की पहचान हुई। इनमें स्थानीय आतंकी आदिल अहमद ठाकुर (लश्कर से जुड़ा) और आशिफ शेख (जैश से जुड़ा) बताये जा रहे हैं। हमले के वक्त आतंकियों ने बॉडी कैमरे से पूरी वारदात रिकॉर्ड की। हमले से पहले पर्यटकों से धर्म पूछा गया, आधार कार्ड देखे गये। फिर AK-47 से करीब 20 मिनट तक अंधाधुंध फायरिंग की गई। मारे गये लोगों में ज्यादातर हिंदू पर्यटक, 2 विदेशी और 2 स्थानीय लोग भी शामिल हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने तीन स्केच जारी किये हैं। वहीं हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ी टीआरएफ (The Resistance Front) ने ली है। सेना के हेलिकॉप्टर, ड्रोन और बख्तरबंद दस्ते पूरे इलाके की निगरानी कर रहे हैं। श्रीनगर से दिल्ली तक हाई अलर्ट है। तेजी से संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
वहीं सोशल मीडिया पर भी आतंकियों की एक तस्वीर जोरों से वायरल हो रही है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने अभी वायरल तस्वीर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।















