Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह SDO की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें मतदाता सूची के सत्यापन, नोटिस और सुनवाई की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 4 नवंबर को प्रपत्र-2 में उन मतदाताओं की नामवार सूची प्रकाशित की जायेगी, जिन्होंने नोटिस और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं की है। वहीं, 18 नवंबर को प्रपत्र-3 में सत्यापन और सुनवाई के बाद अपात्र पाये गये लोगों की सूची जारी होगी।
दोनों तारीखों पर सभी मतदान केंद्रों में बीएलओ, राजनीतिक दलों के बीएलए-2 और चुनाव पाठशाला की बैठक भी होगी। प्रकाशित सूचियों की प्रतियां मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 को उपलब्ध कराई जायेंगी। SDO ने राजनीतिक दलों से पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में सभी पात्र लोगों के नाम शामिल करना और अपात्र नामों को नियमानुसार हटाना जरूरी है। इसके लिए राजनीतिक दल अपने स्तर से भी मतदाताओं को जागरूक करें।







