Kohramlive : टीवी और फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता पंकज धीर अब हमारे बीच नहीं रहे। ‘महाभारत‘ में कर्ण के ऐतिहासिक किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाले पंकज धीर का आज यानी 15 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे निधन हो गया। वे 68 साल के थे और कैंसर से लंबे समय से जूझ रहे थे। उनके निधन की पुष्टि उनके करीबी दोस्त फिरोज़ खान और CINTAA ने की है। CINTAA की ओर से जारी बयान में कहा गया, “गहरे दुख के साथ हम आपको हमारे पूर्व अध्यक्ष और महासचिव पंकज धीर के निधन की सूचना देते हैं।” उनका अंतिम संस्कार आज शाम 4:30 बजे मुंबई के विले पार्ले (पश्चिम) स्थित पवन हंस के पास किया जायेगा। पंकज धीर ने अपने करियर की शुरुआत 1981 में फिल्म ‘पूनम’ से की थी। उन्होंने महाभारत, चंद्रकांता, बढ़ो बहू, देवों के देव महादेव, जी हॉरर शो, कानून जैसे शोज में यादगार भूमिकायें निभाईं। फिल्मों में सनम बेवफा, सड़क, बादशाह, सोल्जर, तुमको ना भूल पायेंगे जैसी हिट्स में वे नजर आये। पंकज धीर के परिवार में पत्नी अनीता, बेटा और अभिनेता निकितिन धीर, बहू कृतिका सेंगर और पोती देविका हैं। फिलहाल परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।











