Chouparan(Krishna Paswan) : बुधवार को चौपारण घाटी में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने लोगों को दहला दिया। दोनों ही हादसों में दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गये, जिन्हें स्थानीय लोगों की तत्परता से समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया। पहली घटना सांझा कट के पास हुई, जहां सुनील गुप्ता (45), जो फेरी का काम करते हैं, अपनी बाइक से नियंत्रण खो बैठे और बुरी तरह घायल हो गये। हादसे के बाद स्थानीय लोग और एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल भेजा गया।
दूसरी दुर्घटना दनुआ घाटी में हुई, जहां एक गैस टैंकर (UP70FT 8508) की एक वाहन से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि टैंकर चालक को गंभीर चोटें आईं। हालांकि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई। गौरतलब है कि दनुआ घाटी क्षेत्र में गैस टैंकर दुर्घटनाएं अक्सर होती रहती हैं, जिससे लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।








