Ranchi : राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। बीती रात काले रंग की थार रॉक्स से कुचलकर युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अतुल चड्डा उर्फ आयुष कुमार (32) को गिरफ्तार कर लिया है।
दोस्ती में दरार, पैसों का विवाद बना वजह
मृतक के पिता रामाश्रय शर्मा (65) ने अपने बड़े बेटे धर्मेंद्र कुमार की हत्या का आरोप लगाते हुये केस दर्ज कराया। पुलिस जांच में सामने आया है कि धर्मेंद्र और अतुल कभी करीबी दोस्त थे, लेकिन पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। बीती रात अमरावती कॉलोनी, चुटिया में एक गृहप्रवेश कार्यक्रम था, जहां दोनों एक साझा दोस्त के बुलावे पर पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान ही दोनों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई। गाली-गलौज के बाद मामला इतना बढ़ गया कि अतुल ने गुस्से में आकर अपनी काली थार रॉक्स तेज रफ्तार में धर्मेंद्र पर चढ़ा दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने जान मारने की नीयत से गाड़ी चढ़ाई। इस दौरान भगदड़ मच गई और भागने के क्रम में छह अन्य लोग भी वाहन की चपेट में आकर घायल हो गये। धर्मेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। खबर मिलते ही पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुये आरोपी अतुल चड्डा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ चुटिया थाना में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें 2018 से लेकर 2025 तक के विभिन्न कांड शामिल हैं। पुलिस ने संदेही गुनहगार अतुल के पास से काले रंग की थार रॉक्स, सैमसंग कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया है। क्या बोले रांची के सिटी SP पारस राणा सुनें








