Lohardaga : जिस फुटबॉल मैदान पर सोनू उरांव ने अपने सपनों को पूरा करने की तैयारी की थी, उसी मैदान पर हुआ एक हादसा उसकी जिंदगी पर भारी पड़ गया। मैच के दौरान साथी खिलाड़ी से टकराकर गंभीर रूप से घायल हुये 11वीं कक्षा के छात्र सोनू ने करीब एक सप्ताह तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद शुक्रवार की अहले सुबह चार बजे रिम्स में अंतिम सांस ली। उसकी मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया है। वहीं, जिले के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों के बीच शोक की लहर है।
20 नवंबर को फुटबॉल मैच के दौरान हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार, झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेलकूद प्रतियोगिता के तहत 19 और 20 नवंबर को नदिया हिंदू उच्च विद्यालय के मिनी स्टेडियम में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता आयोजित की गयी थी। प्रतियोगिता के दूसरे दिन 20 नवंबर को खेलो इंडिया सेंटर और प्लस टू नदिया उच्च विद्यालय की टीम के बीच फुटबॉल मैच चल रहा था। इसी दौरान एक ही टीम के खिलाड़ी सोनू उरांव और अंशु उरांव आपस में टकराकर मैदान पर गिर पड़े। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे के बाद सोनू को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुये बेहतर इलाज के लिये रिम्स रेफर कर दिया गया। रिम्स में चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था। परिजनों और शुभचिंतकों को उम्मीद थी कि सोनू स्वस्थ होकर घर लौटेगा, लेकिन करीब एक सप्ताह तक चले इलाज के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। शुक्रवार सुबह उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं, इस हादसे में घायल दूसरे खिलाड़ी अंशु उरांव को भी गंभीर चोटें आयी थीं। उसे भी रिम्स में भर्ती कराया गया था। फिलहाल उसे अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है और वह घर पर है। हालांकि, उसकी छह पसलियां फ्रैक्चर बतायी जा रही हैं। उसे अभी और बेहतर इलाज की जरूरत है। एक ही हादसे ने दोनों खिलाड़ियों और उनके परिवारों को गहरे संकट में डाल दिया है।






