Hazaribagh(Sunil Sahu) : सड़क के किनारे चमकते पोस्टर, हाथों में रंगीन कूपन और मीठी बातों से लोगों को बहलाने वाले चेहरों के पीछे छिपा था ठगी का अंधेरा। शहर और गांव की गलियों में कुछ दिनों से चल रहा यह कूपन खेल असल में लालच और धोखे की डोर पर टंगा एक षड्यंत्र था। सौ रुपये का एक स्क्रैच कूपन, सपनों की चाबी कहकर बेचा जाता, लेकिन असल में वह उम्मीद नहीं, ठगी का जाल था। शनिवार को जैसे ही कोर्रा चौक पर पुलिस की गाड़ियों के सायरन गूंजे, पूरा इलाका सन्नाटे में डूब गया। मुफस्सिल थाना पुलिस ने छापेमारी कर गिरोह के कई लोगों को धर दबोचा। उनके थैलों से पोस्टर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और कूपन निकले। सबूत थे उस अवैध वसूली के, जो आम लोगों की जेब से छलक-छलक कर निकल रहे थे।
स्थानीय नागरिक नवाजिश हुसैन और मोहम्मद शाहिद की आंखों में गुस्सा भी था और राहत भी। गुस्सा इस बात का कि इतने दिनों तक यह गिरोह खुलेआम लोगों को ठगता रहा। राहत इस बात की कि अब इस काले खेल पर पुलिस ने हाथ डाला है। उन्होंने कहा, “यह गिरोह कई मोहल्लों में घूम-घूमकर लोगों से वसूली कर रहा था। अब प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिये।” थानेदार रोशन कुमार बरनवाल ने बताया कि हिरासत में लिये गये लोग यूपी के रहने वाले हैं। पूछताछ जारी है और जैसे-जैसे सच की परतें खुलेंगी, वैसे-वैसे उनके खिलाफ कानून का शिकंजा और कसता जायेगा।
उजागर हुआ ठगी का खेल और टूटे भ्रम#Hazaribagh #jharkhand #dig #froud #Arrest #Police pic.twitter.com/8GSFefVJOX
— KohramLive (@KohramLive) September 13, 2025






