Bihar : बिहार में हवाई सफर की तस्वीर बदलने वाली है। राज्य में एयरपोर्ट का जाल बिछाने की तैयारी तेज हो गई है। पांच नये हवाई अड्डों का निर्माण हो रहा है, जबकि चार जगह ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने की योजना है। इससे न सिर्फ आवागमन आसान होगा, बल्कि पर्यटन और कारोबार को भी नई रफ्तार मिलेगी। बिहार के सिविल विमानन विभाग के सचिव निलेश चंद्र देवरे ने बताया कि फिलहाल पटना, गया, दरभंगा और पूर्णिया एयरपोर्ट से विमान सेवायें संचालित हो रही हैं। वहीं, उड़ान योजना के तहत मुजफ्फरपुर, वाल्मीकिनगर, रक्सौल, वीरपुर और सहरसा में पांच नये एयरपोर्ट विकसित किये जा रहे हैं। इनके लिए जमीन अधिग्रहण पूरा हो चुका है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद राशि भी जारी कर दी गई है।
4 शहरों में बनेंगे ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट
हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए सोनपुर, सुल्तानगंज के अजगैबीनाथ धाम, राजगीर और रोहतास में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने की योजना है। इन परियोजनाओं से बिहार के पर्यटन को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार की दिशा में गया जी से बैंकॉक के बीच 26 अक्टूबर से इंडिगो की नॉन-स्टॉप सेवा शुरू हो चुकी है। गया से शारजाह, कोलंबो, सिंगापुर और काठमांडू के लिए भी उड़ान शुरू करने की तैयारी है। पटना-काठमांडू सेवा भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
2100 रुपये में हेलीकॉप्टर की सैर
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पटना में ‘जॉय राइड’ की सुविधा भी शुरू की गई है। इसमें 2100 रुपये प्रति यात्री के शुरुआती किराये पर 10 मिनट की हेलीकॉप्टर यात्रा कराई जा रही है। विभागीय स्तर पर भी बदलाव किये गये हैं। वर्ष 2025 में सिविल विमानन विभाग को स्वतंत्र विभाग का दर्जा मिला। वहीं, 2026 में 99 नये पदों के सृजन को मंजूरी दी गई और भर्ती के लिए नई नियमावली अधिसूचित की गई।






