Palamu : पलामू के पांकी थाना क्षेत्र के द्वारिका इलाके में मेले के दौरान गोलगप्पा खाने के बाद 25 से ज्यादा बच्चे अचानक बीमार पड़ गये। बच्चों को उल्टी, दस्त और डिहाइड्रेशन की शिकायत है। जानकारी के मुताबिक, द्वारिका के रघुआखाड़ में लगे मेले में द्वारिका, यादव टोला, जमुआटांड़ समेत आसपास के गांवों के बच्चों ने गोलगप्पा खाया था। रविवार रात से बच्चों की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई और सोमवार सुबह कई की हालत ज्यादा खराब हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पांकी को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम और एंबुलेंस मौके के लिए रवाना कर दी गई। जरूरत पड़ने पर बच्चों को अस्पताल लाने की तैयारी है।
द्वारिका निवासी ध्रुव कुमार गुप्ता ने बताया कि उनका बेटा भी मेले में गोलगप्पा खाने के बाद बीमार पड़ गया। फिलहाल कई बच्चों का इलाज गांव में ही कराया जा रहा है। पांकी के चिकित्सा प्रभारी डॉ. महेंद्र प्रसाद ने पुष्टि की कि 25 से अधिक बच्चों के बीमार होने की सूचना मिली है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल गांव में दहशत का माहौल है और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है।










