Chouparan(Krishna Paswan) : हजारीबाग के चौपारण के औलाद कॉलोनी का 24 साल का नौजवान शानवाज आलम उर्फ सोनू बीते 6 फरवरी की शाम से रहस्यमय ढंग से लापता था। वह यह कहकर घर से निकला था कि बाजार होकर आता हूं। मां ने दरवाजे पर खड़े-खड़े उसे जाते देखा था… किसे पता था, वह आखिरी बार था। रात बीती, फिर कई दिन गुजर गये, लेकिन सोनू घर नहीं लौटा। मां मुस्तरी खातून ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई, रिश्तेदारों और गांव-गांव तलाश हुई, पर हर रास्ता सूना रहा। पांचवें दिन चतरा मोड़ के पास एक सुनसान बीड़ी गोदाम के बगल वाले कुएं ने वह राज उगल दिया, जिसे सुनकर पूरे इलाके की सांसें थम गईं। कुएं में दिखे शव की सूचना पर पुलिस पहुंची। ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकाला गया। सोशल मीडिया से खबर फैलते ही पहुंचे परिजनों ने कांपते हाथों से पहचान की। वह शानवाज ही था… मगर अब हमेशा के लिए खामोश। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौपारण थानेदार सरोज सिंह चौधरी के मुताबिक, मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा और हर एंगल से जांच जारी है। इधर, घर में मातम पसरा है। मां की आंखों से आंसू थम नहीं रहे। आजसू नेता मोनू अख्तर ने भी शोक जताया है। चौपारण की फिजाओं में अब एक ही सवाल तैर रहा है, सोनू के साथ आखिर हुआ क्या?






