Bihar : घर पहुंचाने का भरोसा, मदद का दिखावा और फिर हैवानियत! बिहार के शेखपुरा में एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। इल्जाम है कि कोचिंग से घर लौटने के लिये सड़क किनारे खड़ी छात्रा को लिफ्ट देने के बहाने एक युवक ने अपनी स्कॉर्पियो में बैठाया और सुनसान रास्ते पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी छात्रा को बेहोशी की हालत में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुये पुलिस ने फौरी कार्रवाई करते हुये संदेही गुनाहगार को अरेस्ट कर लिया। वह लखीसराय में पकड़ा गया।
कोचिंग से घर लौट रही थी छात्रा, तभी पहुंची स्कॉर्पियो
शनिवार को SDPO कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में SDPO डॉ. राकेश कुमार ने घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम छात्रा शेखपुरा शहर के आरडी कॉलेज मोड़ पर कोचिंग के बाद घर जाने के लिये खड़ी थी। इसी दौरान जखराज स्थान निवासी अमृत कुमार उर्फ अमित कुमार अपनी स्कॉर्पियो लेकर वहां पहुंचा। इल्जाम है कि युवक ने छात्रा को घर छोड़ने के बहाने लिफ्ट देने की पेशकश की। छात्रा ने पहले अपने परिजनों से बात कराने की शर्त रखी। इसके बाद आरोपी ने अपने मोबाइल से छात्रा के परिजन को फोन किया, लेकिन किसी कारणवश कॉल रिसीव नहीं हुआ। घर सुरक्षित पहुंचाने का भरोसा मिलने के बाद छात्रा उसकी गाड़ी में बैठ गई। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसे घर ले जाने के बजाय सुनसान रास्ते की ओर गाड़ी मोड़ दी। छात्रा को भदौस मोड़ से आगे मदारी रोड की ओर ले गया। वहां गाड़ी के अंदर ही उसके साथ दुष्कर्म किया गया। वारदात के बाद आरोपी छात्रा को पचना गांव के समीप झारखंड मंदिर मोड़ के पास बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गया। किसी तरह घर पहुंचने के बाद छात्रा के परिजनों को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद रात में ही महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। मामला सामने आते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। कुकर्मी को खोज निकालने के लिये पुलिस कप्तान ने SIT बनाई। जांच के दौरान आरोपी का मोबाइल नंबर पुलिस के लिये अहम सुराग साबित हुआ। दरअसल, छात्रा के कहने पर आरोपी ने उसके परिजन को अपने मोबाइल से फोन किया था। इसी कॉल के आधार पर पुलिस ने नंबर को ट्रेस किया और मोबाइल लोकेशन के जरिये संदेही गुनहगार तक पहुंच गई। गठित SIT लखीसराय जिले के जमुई मोड़ स्थित मुन्ना सिंह के मकान में छापेमारी कर आरोपी अमृत कुमार उर्फ अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे शेखपुरा लाया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो कार और आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद कि हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी जखराज स्थान निवासी शशिभूषण सिंह का पुत्र है। बताया गया है कि वह कुछ वर्ष पहले तक DTO कार्यालय में दलाली का काम करता था। इधर, पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है। वहीं, FSL की टीम ने कार और घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाये हैं। पुलिस मामले का स्पीडी ट्रायल कराने की तैयारी में है। पुलिस प्रशासन की ओर से 15 दिनों के भीतर आरोपी के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दाखिल करने का लक्ष्य रखा गया है।









