Palamu : पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र के खजूरी नौडीहा में अज्ञात अपराधियों ने आज पारा शिक्षक निजामुद्दीन अंसारी को गोली मार दी। उनके शरीर में तीन गोलियां लगी हैं। उन्हें छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, पारा शिक्षक निजामुद्दीन अंसारी स्कूल से लौटने के बाद अपनी किराना दुकान बंद कर खजूरी नौडीहा स्थित घर जा रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी और फरार हो गये। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने घायल शिक्षक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पारा शिक्षक को गोली किसने और क्यों मारी, इसका खुलासा अबतक नहीं हो पाया है।घटना की खबर फैलते ही अस्पताल में परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज और चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है, ताकि हमलावरों तक पहुंचा जा सके।








