Hazribagh : हजारीबाग में 28 साल की अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों का गुस्सा उबाल पर है। परिवार ने साफ कर दिया है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, अंतिम संस्कार नहीं किया जायेगा। मामले में पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं। हजारीबाग के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र स्थित बंगाली कॉलोनी के गुप्ता कॉम्प्लेक्स में 22 अक्टूबर को अनुष्का का शव कमरे से मिला था। उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी जांच का विषय है। घटना के बाद से परिवार न्याय की मांग कर रहा है। परिजनों के मुताबिक, गिरफ्तारी नहीं होने पर वे घर के आंगन में ही अंतिम संस्कार करने का फैसला ले सकते हैं।
पति पर प्रताड़ना का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
अनुष्का के पिता ने अपने दामाद कुशाग्र रुद्र पर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनका संदेह है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला हो सकता है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषी पाये जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस बीच रामगढ़ की विधायक ममता देवी शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया। विधायक के अनुसार, परिजनों की मुख्य मांग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी है। सदर SDPO रूपेश कुमार ने मीडिया को बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। SP अमन कुमार मामले की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी की बात कही है। अंतिम संस्कार को लेकर उन्होंने कहा कि यह निर्णय परिजनों पर निर्भर करता है।





