UP : यूपी के बिजनौर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां हल्दुआ माफी गांव में पारिवारिक झगड़ा इतना जहरीला हो गया कि छोटे भाई ने ही बड़े भाई की जान ले ली। वजह, पुरानी अनदेखी, जमीन-संपत्ति का विवाद और भीतर ही भीतर पलता आक्रोश। लगभग 26 साल के राहुल और उसके छोटा भाई दुष्यंत के बीच लंबे समय से पारिवारिक कलह चल रहा था। पारिवारिक उपेक्षा और संपत्ति के झगड़े ने रिश्तों में दरार को गहरी खाई में बदल दिया। इसी नाराजगी ने 25 साल के दुष्यंत ने अपने बड़े भाई के नाम की सुपारी दे दी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि दुष्यंत ने हरिद्वार में रहने वाले शूटर विनीत उर्फ बटलर और मोहम्मद अमजद को चार लाख रुपये में सुपारी दी।
शुरुआत में 2 हजार रुपये एडवांस देकर हत्या की पटकथा लिख दी गई। रविवार सुबह राहुल क्रय केंद्र से गन्ना लेकर घर लौट रहे थे। गांव के पास ही बाइक सवार शूटरों ने उन्हें घेर लिया। एक गोली सीने में दूसरी गोली पीठ में मारी गई, वहीं, राहुल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुये घटना के महज छह घंटे बाद मुठभेड़ में दोनों शूटरों को दबोच लिया। वहीं, साजिश का सूत्रधार दुष्यंत भी हिरासत में है। आरोपियों के पास से दो हथियार एवं वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों भाइयों के बीच पहले भी हिंसक टकराव हो चुके थे। तीन महीने पहले राहुल ने दुष्यंत पर लोहे की रॉड से हमला किया था। पुलिस ने CCTV फुटेज और मोबाइल ट्रेसिंग के जरिये हत्या की पूरी साजिश का पर्दाफाश किया।












