Palamu : पलामू में रविवार सुबह मनातू के घने जंगलों में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। प्रतिबंधित नक्सली संगठन TSPC (तृतीय प्रस्तुति कमिटी) के साथ हुई मुठभेड़ में 5 लाख का इनामी नक्सली कमांडर मुखदेव यादव मारा गया। पुलिस को मुखदेव का शव घटनास्थल से बरामद हुआ है। मुठभेड़ के बाद इलाके से एक इंसास राइफल भी जब्त की गई है। यह मुठभेड़ उसी इलाके में हुई है जहां बीते 3 सितंबर को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच खूनी संघर्ष हुआ था, जिसमें पुलिस के दो जवान शहीद हो गये थे। उसी घटना के बाद से सुरक्षा बल लगातार इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे।
मुखदेव यादव, TSPC के कुख्यात कमांडर शशिकांत गंझू के दस्ते का सक्रिय सदस्य था। पुलिस अब 10 लाख के इनामी शशिकांत गंझू की तलाश में बड़ा ऑपरेशन चला रही है, जिसमें कोबरा, जगुआर और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीमें लगी हुई हैं। सूत्रों के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर रविवार तड़के यह कार्रवाई की गई, जिससे नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।








