Bihar : बिहार के सरकारी स्कूलों के छात्रों के लिए बड़ी खबर है। अब पढ़ाई के लिए सिर्फ स्कूल खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। 15 अगस्त से छात्र रात 11 बजे तक ऑनलाइन शिक्षकों से पढ़ सकेंगे। CM सम्राट चौधरी ने LNMI पटना में आयोजित AAGAAZ 2026 कार्यक्रम में इसका ऐलान किया। CM सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य में बिहार स्कूल लाइव क्लासेस शुरू की गई है। अब इस व्यवस्था का विस्तार किया जायेगा। अगर कोई छात्र रात 11 बजे भी किसी विषय को लेकर शिक्षक की मदद चाहता है, तो उसे ऑनलाइन पढ़ाई और मार्गदर्शन की सुविधा मिलेगी। सरकार का फोकस सरकारी स्कूलों के बच्चों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने पर है।
551 मॉडल स्कूल होंगे हाईटेक
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 551 मॉडल स्कूल शुरू किये गये हैं। इन स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। इनमें स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, ई-लाइब्रेरी, आधुनिक तकनीक से पढ़ाई जैसी सुविधायें उपलब्ध कराने की योजना है। खासकर 9वीं से 12वीं कक्षा के छात्रों को इसका फायदा मिलने की उम्मीद है। सरकार का दावा है कि इससे ग्रामीण इलाकों के बच्चों को भी बेहतर डिजिटल शिक्षा मिलेगी।
211 ब्लॉक में डिग्री कॉलेज का लक्ष्य
उच्च शिक्षा को लेकर भी सरकार ने बड़ा लक्ष्य तय किया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, राज्य के 211 ब्लॉक ऐसे थे जहां डिग्री कॉलेज नहीं था। इन सभी ब्लॉकों में डिग्री कॉलेज स्थापित करने का काम 15 जुलाई से शुरू किया गया। CM ने कहा कि कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए स्थायी शिक्षकों की बहाली का आदेश दिया गया है। उनके मुताबिक, 10 अगस्त से शिक्षकों की ज्वाइनिंग शुरू हो चुकी है और चिह्नित कॉलेजों में पढ़ाई भी शुरू हो गई है। सरकार का लक्ष्य अगले तीन महीने में सभी कॉलेजों में स्थायी शिक्षकों की बहाली पूरी करना है।















