Kohramlive : भारत के सबसे अमीर कारोबारी परिवारों की तस्वीर एक बार फिर सामने आ गई है। 2026 बार्कलेज प्राइवेट क्लाइंट्स हुरुन इंडिया मोस्ट वैल्यूएबल फैमिली बिजनेसेज लिस्ट के मुताबिक, मुकेश अंबानी का परिवार लगातार भारत का सबसे धनी कारोबारी परिवार बना हुआ है। अंबानी परिवार की कुल संपत्ति 25.8 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है। हालांकि, पिछले आकलन की तुलना में उनकी संपत्ति में 8.5 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई है।
पहली पीढ़ी के कारोबारियों में अदाणी सबसे अमीर
अहमदाबाद के गौतम अदाणी का परिवार पहली पीढ़ी के कारोबारियों में सबसे ऊपर है। रिपोर्ट के मुताबिक, अदाणी परिवार की कुल संपत्ति 19.6 लाख करोड़ रुपये है। वहीं, सुनील भारती मित्तल का परिवार 12.1 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर है। पहली पीढ़ी के परिवारों में मित्तल दूसरे सबसे अमीर कारोबारी परिवार हैं। कुमार मंगलम बिड़ला का परिवार 8.14 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ चौथे पायदान पर है।
कुल 138 लाख करोड़ रुपये का कारोबार मूल्य
हुरुन इंडिया के संस्थापक और मुख्य शोधकर्ता अनस रहमान जुनैद के मुताबिक, भारत के सबसे मूल्यवान पारिवारिक कारोबारों का कुल मूल्य अब करीब 1.46 ट्रिलियन डॉलर, यानी लगभग 138 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है। अगर इन कारोबारों को एक देश माना जाये, तो इसकी अर्थव्यवस्था दुनिया में 18वें स्थान पर होती। इसका आकार नीदरलैंड, सऊदी अरब, स्विट्जरलैंड और पोलैंड जैसे देशों से भी बड़ा होता। रिपोर्ट के अनुसार, भारत के शीर्ष 300 पारिवारिक कारोबारों ने पिछले दो वर्षों में हर दिन औसतन 4,076 करोड़ रुपये का मूल्य जोड़ा है।
आहूजा परिवार की संपत्ति 352% बढ़ी
संपत्ति बढ़ाने के मामले में शाही एक्सपोर्ट्स का आहूजा परिवार सबसे आगे रहा। तीन वर्षों में परिवार की संपत्ति 352 फीसदी बढ़कर 37,500 करोड़ रुपये हो गई। वहीं, गरवारे हाई-टेक फिल्म्स के शशिकांत भालचंद्र गरवारे परिवार ने रैंकिंग में सबसे तेज छलांग लगाई। परिवार ने तीन वर्षों में 61 पायदान की छलांग लगाई है। इस दौरान उनकी संपत्ति करीब 300 फीसदी बढ़कर 15,600 करोड़ रुपये हो गई। मूल्य में सबसे ज्यादा इजाफा करने वालों में जिंदल परिवार सबसे आगे रहा। पिछले तीन वर्षों में परिवार ने अपनी संपत्ति में करीब 3.3 लाख करोड़ रुपये जोड़े। इसके साथ कुल संपत्ति बढ़कर 8.02 लाख करोड़ रुपये हो गई। यानी जिंदल परिवार की संपत्ति में करीब 70 फीसदी की वृद्धि हुई।
अंबानी से अदाणी तक… किसका कितना साम्राज्य?
हुरुन की यह रिपोर्ट भारतीय कारोबारी परिवारों की बढ़ती आर्थिक ताकत की तस्वीर दिखाती है। अंबानी परिवार सबसे ऊपर है। अदाणी परिवार पहली पीढ़ी के कारोबारियों में नंबर-1 है। मित्तल, बिड़ला और जिंदल जैसे कारोबारी परिवार भी अरबों-खरबों के कारोबार के साथ भारतीय अर्थव्यवस्था में अपनी मजबूत पकड़ बनाये हुये हैं।















