Pakur : पाकुड़ के मालीपाड़ा की बंद खदान से मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की गुत्थी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। मृतक की पहचान मंटू दास के रूप में हुई है। इस मामले में तीन संदेही गुनहगारों को गिरफ्तार किया गया है। इल्जाम है कि संपत्ति पर कब्जा करने की योजना के तहत मंटू दास की हत्या कर शव को उनकी मोटरसाइकिल के साथ खदान के पानी में फेंक दिया गया। बीते 13 अक्टूबर को पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के मालीपाड़ा स्थित एक बंद खदान से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। इसके बाद नगर थाना में केस (कांड संख्या 236/2026) दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। हत्यारों को खोज निकालने के लिये पाकुड़ के SP अनुदीप सिंह ने SDPO कुमार गौरव के नेतृत्व में SIT बनाई थी। गठित टीम ने मानवीय और टेक्निकल सेल की मदद से मृतक की पहचान मंटू दास के रूप में की। पुलिस की जांच में सामने आया कि मंटू दास अपने साले साबीर सोरेन की देखभाल करते थे। साबीर सोरेन पाकुड़ में पशुपालन विभाग में कार्यरत हैं और आरोपी आलोक मुर्मू के घर में किराये पर रहते हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने साबीर सोरेन की संपत्ति पर भविष्य में कब्जा करने की नीयत से मंटू दास को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। आरोप है कि तीनों ने मंटू दास की हत्या कर साबीर सोरेन का विश्वास जीतने और बाद में उनकी संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश रची।
कुल्हाड़ी और हथौड़े से हत्या, खदान में फेंका शव
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कुल्हाड़ी और लोहे के हथौड़े से मंटू दास की हत्या की। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को रस्सी से उनकी पल्सर मोटरसाइकिल के साथ बांधा और मालीपाड़ा की बंद खदान में फेंक दिया। जांच के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर खदान के पानी से मृतक की मोटरसाइकिल बरामद की। हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी, लोहे का हथौड़ा और अन्य सामान भी जब्त किया गया। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई एक अन्य पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। पकड़े गये लोगों के नाम आलोक मुर्मू, प्रीतम हेम्ब्रम एवं प्रिन्स हेम्ब्रम बताये गये। सभी पाकुड़ के रहनेवाले बताये गये।








