Dhanbad : धनबाद के कतरास के छाताबाद स्थित आकाशकिनारी फुटबॉल ग्राउंड के पास शुक्रवार को अचानक तेज धमाके जैसी आवाज के साथ जमीन धंस गई। देखते ही देखते करीब 10 से 15 घर जमीन में समा गये, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भू-धंसान के दौरान कई लोग मलबे में फंस गये थे। स्थानीय ग्रामीणों ने बिना देर किये राहत कार्य शुरू किया और करीब 6 से 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घरों के साथ सामान भी मलबे में दफन
भू-धंसान में प्रभावित परिवारों का पूरा सामान जमीन के नीचे दब गया। लोगों का कहना है कि घरों से कुछ भी नहीं बचाया जा सका। अब उनके सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का इल्जाम है कि घटना के काफी देर बाद तक प्रशासन और राहत टीम मौके पर नहीं पहुंची। लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं के बावजूद सुरक्षा और पुनर्वास के ठोस इंतजाम नहीं किये जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि 7 जुलाई को भी इसी इलाके में भू-धंसान हुआ था, जिसमें 4 से 5 घर जमीन में समा गये थे और एक बड़े तालाब में गोफ बन गया था। अब 7 अगस्त को फिर उसी जगह हादसा होने से लोगों में दहशत और आक्रोश दोनों बढ़ गयेहैं।















