Bihar : जिंदगी में सबसे भरोसेमंद रिश्ता होता है पति-पत्नी का, लेकिन औरंगाबाद के लाला अमुना गांव के पास जो घटना हुई, उसने रिश्तों की बुनियाद ही हिला दी। एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की निर्मम हत्या कर दी और वह भी इलाज के बहाने। पीड़ित बिक्कु को पत्नी पूजा ने यह कहकर गया ले गई कि किसी बाबा से दवा दिलानी है। बेचारा पति चल पड़ा, बिना अंदाजा लगाये कि यह उसका अंतिम सफर होगा। लौटते वक्त, सबकुछ पहले से तय था। रास्ते में प्रेमी कमलेश यादव पहले से स्कॉर्पियो लेकर तैयार था। पूजा ने इशारा किया और कमलेश ने बिक्कु को बेरहमी से कुचल डाला। यह हादसे जैसा दिखाने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन पुलिस जांच में परत-दर-परत साजिश खुलती चली गई।
SDPO कुमार ऋषिराज के हवाले से मीडिया में आई खबर के अनुसार, “पूजा ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की है। उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। कमलेश फरार है, जिसकी तलाश जारी है।” इस घटना से गांव में तहलका मच गया है। लोग स्तब्ध हैं कि एक पत्नी, जिसने सात फेरे लिये थे, उसी ने अपने प्रेमी संग मिलकर ऐसा खौफनाक खेल खेला। जिसने सिंदूर से माथा सजाया, उसी ने पति को मौत की नींव में उतारा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस साजिश में कोई और भी शामिल था या नहीं। हत्या की वजह सिर्फ अवैध संबंध था या संपत्ति जैसे और भी पहलू हैं, इसकी भी जांच चल रही है।






