Ranchi : बहुचर्चित चारा घोटाला मामले में करीब 25 साल से फरार चल रहे आरोपी सत्येंद्र कुमार को CBI ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे CBI ने यूपी की राजधानी लखनऊ के रेलवे स्टेशन से पकड़ा। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी। अब आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर रांची लाया जा रहा है, जहां उसे संबंधित अदालत में पेश किया जायेगा। CBI के हवाले से मीडिया में आई खबर के अनुसार, सत्येंद्र कुमार के खिलाफ वर्ष 2001 में आरोपपत्र दाखिल किया गया था। इसके बाद वह मुकदमे की सुनवाई के दौरान अदालत में पेश नहीं हुआ और फरार रहा। लगातार अनुपस्थित रहने पर अदालत ने उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। तभी से जांच एजेंसी उसकी तलाश में जुटी थी।
नेपाल तक पहुंची थी आरोपी की लोकेशन
CBI ने आरोपी को पकड़ने के लिये तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचनाओं का सहारा लिया। जांच के दौरान उसकी लोकेशन नेपाल में होने की जानकारी मिली। हाल ही में उसके भारत लौटने की सूचना एजेंसी को मिली। CBI के मुताबिक, बीते 22 अक्टूबर को सत्येंद्र कुमार मध्य प्रदेश के गुना से ट्रेन के जरिये लखनऊ जा रहा है। इसके बाद विशेष टीम बनाई गई। टीम लखनऊ रेलवे स्टेशन पर पहले से तैनात थी। ट्रेन पहुंचने के बाद आधी रात के आसपास आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।





