Ranchi : राजधानी रांची की गलियों में इन दिनों लोकतंत्र की धड़कन साफ सुनाई दे रही है। हर चौक-चौराहे पर पोस्टर, हर मोहल्ले में सभायें और हर दरवाजे पर दस्तक, “इस बार हमें मौका दीजिये।” नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ चुका है और अब काउंटडाउन शुरू हो गया है। तय कार्यक्रम के मुताबिक 21 फरवरी को चुनाव प्रचार थम जायेगा और इसके बाद प्रशासनिक हलचल और तेज हो जायेगी। 21 और 22 फरवरी को रांची के फुटबॉल स्टेडियम स्थित डिस्पैच सेंटर से मतदान दलों को बूथों के लिये रवाना किया जायेगा। जिला प्रशासन ने ईवीएम, मतदान सामग्री, सुरक्षा और परिवहन की पूरी रूपरेखा फाइनल कर ली है। रांची के मोरहाबादी मैदान के वाहन कोषांग में चुनाव ड्यूटी के लिये गाड़ियों को अधिग्रहित कर लिया गया है। जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने भरोसा दिलाया कि मतदान दलों और ईवीएम की सुरक्षित ढुलाई के लिये पर्याप्त वाहन उपलब्ध हैं। सभी वाहनों की सूची तैयार कर सेक्टरवार आवंटन किया जा रहा है, ताकि चुनावी सफर कहीं अटक न जाये। मतदान के बाद 27 फरवरी को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सुकुरहट्टू में मतगणना होगी। सबसे पहले बुंडू नगर परिषद के परिणाम घोषित किये जायेंगे। इसके बाद रांची नगर निगम के वार्डवार नतीजे सामने आयेंगे।
53 वार्ड, 909 बूथ, सुरक्षा का मजबूत घेरा
रांची के DC मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि रांची नगर निगम के 53 वार्डों में 909 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। इनमें 254 सामान्य, 507 संवेदनशील और 128 अति संवेदनशील बूथ शामिल हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। लगभग 4000 पुलिसकर्मी चुनाव ड्यूटी में लगाए जायेंगे, ताकि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष हो सके। जिला प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर विशेष चौकसी बरती है। हर मतदान केंद्र पर पुलिस बल की मौजूदगी रहेगी और गश्ती दल लगातार इलाके पर नजर रखेंगे। संवेदनशील क्षेत्रों में मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।CCTV निगरानी और QRT भी पूरी तरह तैयार रखे गये हैं।












