New Delhi : नई दिल्ली से एक महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है, भारत निर्वाचन आयोग अब चुनावों से जुड़े करोड़ों लोगों की सुविधा के लिए एक “वन-स्टॉप ऐप” लॉन्च करने जा रहा है, जिसका नाम होगा ईसीआई-नेट (ECI-Net)। इस बहु-उपयोगी डिजिटल प्लेटफॉर्म में 40 से ज्यादा मौजूदा ऐप्स का समावेश होगा, जो अब तक अलग-अलग रूप में उपयोग किये जा रहे थे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की परिकल्पना और डॉ. सुखबीर सिंह संधु व डॉ. विवेक जोशी की मौजूदगी में, इस ऐप की नींव मार्च 2025 में रखी गई थी, एक ऐसे सम्मेलन में जहां देश भर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी जुटे थे।
साइबर सुरक्षा पर विशेष ध्यान
ईसीआई-नेट को मजबूत सुरक्षा दीवार के साथ तैयार किया जा रहा है। केवल अधिकृत चुनाव अधिकारी ही डेटा एंट्री कर सकेंगे। लेकिन किसी विवाद की स्थिति में वैधानिक फॉर्म ही अंतिम मान्य दस्तावेज होंगे। यह पूरा सिस्टम भारत के लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 और 1951, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम 1960 और चुनाव संचालन नियम 1961 के अंतर्गत विकसित किया गया है।
क्या है खास ‘ईसीआई-नेट’ में
- इसमें मिलेगा एक सुंदर और सरल यूजर इंटरफेस (UI)
- हर स्तर के उपयोगकर्ता के लिये सहज यूजर एक्सपीरियंस (UX)
- अब न अलग-अलग ऐप की जरूरत, न कई लॉगिन याद रखने की परेशानी
- मोबाइल और डेस्कटॉप दोनों पर सुलभ होगा यह मंच
इस ऐप से किसे मिलेगा लाभ?
- 100 करोड़ से ज्यादा मतदाता
- 10.5 लाख बीएलओ (Booth Level Officer)
- 15 लाख बीएलए (Booth Level Agent)
- 45 लाख चुनाव पदधारी
- 767 जिला चुनाव अधिकारी (DEO) और
- 4,123 ERO और 15,597 AERO को सीधा लाभ मिलेगा
वोटर हेल्पलाइन, C-Vigil, सुविधा, सक्षम, केवाईसी, ईएसएमएस जैसे लोकप्रिय ऐप भी इसमें समाहित होंगे, ये वे ऐप हैं जिन्हें 5.5 करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है।















