Ranchi : शारदीय नवरात्र की पावन बेला में राजधानी रांची भक्ति और उल्लास से सराबोर है। शुक्रवार को CM हेमंत सोरेन ने रातू रोड स्थित आर.आर. स्पोर्टिंग क्लब और हरमू के पंच मंदिर दुर्गा पूजा समिति के भव्य पंडाल का विधिवत् अनावरण कर मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाया। CM ने राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, उन्नति और खुशहाली की कामना करते हुये कहा कि रिमझिम बारिश के बीच झारखंड की धरती पर श्रद्धा और उत्साह की यह घड़ी मन को अद्भुत ऊर्जा देती है। मां दुर्गा से प्रार्थना है कि उनका आशीर्वाद हर घर तक पहुंचे और राज्य प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुये।
बारिश से भीगा आसमान, बिजली की रौशनी से जगमगाते पंडाल और ढोल-नगाड़ों की गूंज ने राजधानी को उत्सव के रंग में रंग दिया। रातु रोड का आर.आर. स्पोर्टिंग क्लब पंडाल अपनी कलात्मक साज-सज्जा से लोगों को आकर्षित कर रहा है, वहीं पंच मंदिर दुर्गा पूजा समिति का पंडाल आध्यात्मिक आभा बिखेर रहा है। CM हेमंत सोरेन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि झारखंडवासियों का यह जोश राज्य की एकजुटता और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों को बधाई देते हुये कहा कि यह पर्व समाज में भाईचारा और शांति का संदेश देता है। रांची की गलियों में इस समय एक ही स्वर गूंज रहा है, जय मां दुर्गा।








