Delhi : दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि बैठक के लिये हॉल बुक होने के बाद उसके मालिकों को कथित तौर पर धमकियां दी गईं। दीपके ने इसके पीछे भाजपा का हाथ होने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अभिजीत दीपके के मुताबिक, CJP को दिल्ली में अपने कार्यकर्ताओं की बैठक करनी थी। इसके लिये पार्टी काफी समय से हॉल तलाश रही थी। उनका दावा है कि कई जगहों पर हॉल देने से इनकार कर दिया गया और कुछ मालिकों ने कथित तौर पर ‘ऊपर से दबाव’ होने की बात कही। दीपके ने कहा कि काफी कोशिशों के बाद आखिरकार एक हॉल बुक किया गया। उनके मुताबिक, पार्टी के पास इसकी रसीद भी मौजूद है। लेकिन बैठक से ठीक पहले कथित तौर पर हॉल मालिकों को धमकी दी गई। दीपके का आरोप है कि हॉल मालिकों से कहा गया कि अगर CJP की बैठक होने दी गई तो उन्हें ‘उल्टा लटका दिया जायेगा।’ उन्होंने इस कथित दबाव के लिये भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। दीपके ने कहा कि भाजपा नेताओं के काम और बयान कथित तौर पर यह दिखाते हैं कि वे देश के युवाओं से डर रहे हैं। साथ ही उन्होंने साफ कहा कि अगर किसी को लगता है कि ऐसी हरकतों से CJP के कार्यकर्ता डर जायेंगे, तो यह उसकी गलतफहमी है। CJP संस्थापक ने अपने बयान में ‘जंतर-मंतर’ को लेकर भी बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर कई लोग पूछ रहे हैं कि ‘जंतर-मंतर’ का सीजन-2 कब शुरू होगा। दीपके ने कहा कि ऐसे लोगों को वह बताना चाहते हैं कि ‘जंतर-मंतर’ का सीजन-2 बहुत जल्द शुरू होने वाला है। उनके इस बयान से पार्टी की आने वाले दिनों में गतिविधियां तेज करने की तैयारी के संकेत मिलते हैं।















