Bihar : बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुये पुलिस और एजेंसियों ने सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। अलग-अलग जगहों पर छापेमारी और चेकिंग के दौरान करोड़ों की नकदी बरामद की गई है। गोपालगंज के थावे थाना क्षेत्र के कबिलासपुर गांव में गैस रिपेयरिंग का काम करने वाले संतोष प्रसाद के घर से 1 करोड़ रुपये कैश बरामद किया गया। घर से कई बैंक पासबुक भी जब्त हुये हैं। चूल्हा बनाने वाले इस शख्स के पास इतनी बड़ी रकम कहां से आई, पुलिस इसकी जांच कर रही है। पूरा परिवार हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं भोजपुर के गांगी चेकपोस्ट पर SST टीम ने एक बाइक की डिक्की से 50 लाख रुपये कैश बरामद किया। बाइक सवार युवक ने पैसे को किसी हार्डवेयर कारोबारी का बताया है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
इधर पटना के ग्रामीण कार्य विभाग के इंजीनियर संजीव कुमार के ठिकानों पर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने छापा मारा। 7.50 लाख कैश और ज्वेलरी बरामद की गई। जांच में पता चला कि इंजीनियर की संपत्ति उसकी आय से 44% अधिक है। पुलिस मुख्यालय और चुनाव आयोग दोनों इन मामलों की गंभीरता से निगरानी कर रहे हैं। माना जा रहा है कि चुनाव से पहले अवैध पैसे के इस्तेमाल को रोकने के लिए यह कार्रवाई और तेज की जायेगी।




