Jamshedpur : जमशेदपुर के बागबेड़ा के खरकाई नदी घाट पर मस्ती मौत में बदल गई। शनिवार शाम आरवीएस इंजीनियरिंग कॉलेज के तीन छात्र नहाने उतरे, जिनमें से दो की पानी में डूबने से मौत हो गई। एक छात्र की जान स्थानीय युवक की बहादुरी से बच गई। घटना पार्थ कुमार के जन्मदिन के जश्न के दौरान हुई। उसके साथ दोस्त शुभम कुमार और शशांक भी नदी में उतरे। तीनों गहरे पानी में चले गये। एक स्थानीय युवक ने बांस की मदद से पार्थ को बाहर निकाला, लेकिन शुभम और शशांक की जान नहीं बच पाई।
NDRF और गोताखोरों की मदद से रविवार को दोनों शव बरामद किये गये। पार्थ को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां वह अब सुरक्षित है। बागबेड़ा घाट को लेकर स्थानीय लोग प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि यह घाट खतरनाक है और यहां पहले भी हादसे हो चुके हैं, लेकिन न तो चेतावनी बोर्ड लगे हैं, न लाइफ गार्ड की व्यवस्था। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच जारी है।






