89 मॉडल स्कूलों में एडमिशन के लिए प्रक्रिया शुरू
झारखंड में खुले 89 मॉडल स्कूलों में एडमिशन के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। एडमिशन टेस्ट में शामिल होने के लिए आगामी 3 फरवरी से 26 फरवरी तक फॉर्म भरे जायेंगे। इसके लिए झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने कुछ गाइडलाइन जारी की है। गाइडलाइन के अनुसार आवेदक की उम्र 1 अप्रैल 2023 को न्यूनतम 10 साल और अधिकतम 12 साल होना चाहिए। किसी भी स्कूल के क्लास 5 या 6 में पढ़ने वाले स्टूडेंट एडमिशन टेस्ट में शामिल हो सकते है। वैसे छात्र जिन्होंने 5वीं क्लास में पढ़ाई छोड़ दी है। वह भी आवेदन भर सकते हैं। परीक्षा फॉर्म भरने या परीक्षा देने के लिए किसी तरह का शुल्क नहीं देना होगा। JAC की आधिकारिक वेबसाइट से एप्लीकेशन फॉर्म हासिल और भरा जा सकता है। जिला शिक्षा पदाधिकारी के अनुमोदन के बाद परीक्षा 9 अप्रैल को ली जाएगी। परीक्षा में शामिल होने के लिए ऑनलाइन एडमिट कार्ड 2 अप्रैल को जारी किया जाएगा।

हजारीबाग की छेड़खानी की शिकार हुई विवाहिता ने आज रांची के रिम्स में तोड़ा दम
हजारीबाग की छेड़खानी की शिकार हुई विवाहिता ने आज रांची के रिम्स में दम तोड़ दिया। वह रिम्स के सर्जरी वार्ड में बीते 15 दिनों से एडमिट थी। वह 65 प्रतिशत झुलस चुकी थी। यहां याद दिला दें कि बीते 7 जनवरी की दोपहर लगभग एक बजे विवाहिता घर में अकेली थी। अचानक तीन-चार लड़के उसके घर में घुस गये। उसके साथ गलत करने की कोशिश की गई। विवाहिता के विरोध जताने पर उसे खटिया से बांध जिंदा जला दिया गया। इस दुस्साहसिक वारदात में विवाहिता करीब 65 फीसदी तक झुलस गयी। इसके बाद उसे इलाज के लिए रांची के रिम्स में भर्ती कराया गया। बेटी की मौत के बाद घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। विवाहिता के पिता का कहना है कि 15 दिन बीत चुके हैं, पर अभी तक गुनहगार पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

ट्रक और गैस टैंकर में आमने-सामने जोरदार टक्कर
रांची-पटना रोड पर कोडरमा घाटी में एक ट्रक और गैस टैंकर में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी भयानक थी कि टैंकर में आग लग गयी। ड्राइवर को निकलने तक का मौका नहीं मिला। वह केबिन के अंदर ही जलकर मर गया। गनीमत यह थी कि गैस टैंकर खाली था। अन्यथा बड़ी अनहोनी हो सकती थी। टैंकर बिहार से कोडरमा की तरफ आ रहा था। वहीं गिट्टी लोड ट्रक कोडरमा से बिहार की तरफ जा रहा था। कोडरमा में जामसोती नाला के पास यह हादसा हुआ। हादसे के बाद करीब 2 घंटे तक रांची पटना रोड जाम रहा। सड़क के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गयी। उस राह से आने जाने वाले घंटों जाम में फंसे रहे। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।

पुलिस और PLFI के उग्रवादियों के बीच एक बार फिर मुठभेड़
पुलिस और PLFI के उग्रवादियों के बीच एक बार फिर मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ बीती देर रात चक्रधरपुर के बांगुर जंगल में दिकीलता गांव के पास हुई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि PLFI का एक दस्ता दिकीलता गांव में घूम रहा है। मिले इनपुट पर बंदगांव थानेदार की देखरेख में सुरक्षाबल सर्च ऑपरेशन पर निकल गई। बताये गये ठिकाने पर पहुंची तो उग्रवादी और सुरक्षाबल आमने सामने हो गये। दोनों ओर से करीब 25 राउंड गोलियां चलीं। फायरिंग रुक-रुक लगभग 15 मिनट तक होती रही। पुलिस को भारी पड़ता देख उग्रवादी जंगल का फायदा उठा कर भाग निकले। मुठभेड़ के बाद उग्रवादियों का एक राइफल, एक 9 एमएम लोडेड मैगजीन, जिंदा गोलिया और रोजाना इस्तेमाल करने वाले कुछ सामान हाथ लगे हैं। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।

शिवगंगा सरोवर में उतरा गौरव कुमार डूब गया
दर्शन से पहले नहाने के ख्याल से शिवगंगा सरोवर में उतरा गौरव कुमार डूब गया। गौरव को बचाने के लिए जयशंकर ने छलांग मारी। जब वह भी डूबने लगा तो किसी तरह उसने एक पिलर पकड़ अपनी जान बचाई। यह कारुणिक दृश्य देख वहां मौजूद लोगों की बैचेनी बढ़ गयी। सूचना पर मौके पर पहुंची NDRF की टीम ने घंटों मशक्कत के बाद उसकी डेड बॉडी बाहर निकाली। मृतक गौरव और जयशंकर लखीसराय से दर्शन को देवघर आए थे।

एक निजी बैंक की महिला फील्ड ऑफिसर से लूटकांड का खुलासा
एक निजी बैंक की महिला फील्ड ऑफिसर से लूटकांड का खुलासा रांची की रातू पुलिस ने कर लिया। मामले में तीन संदेही गुनहगारों को गिरफ्तार किया गया है। बीते 13 जनवरी को दिन के उजाले में करीब ढाई बजे जब महिला ऑफिसर एक कस्टमर से लोन का पैसा कलेक्ट कर वापस कमड़े स्थित बैंक जा रही थी, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने संडे मार्केट से पहले रोक लिया था। हथियार के दम पर ऑफिसर से पैसों से भरा बैग छीन लिया और भाग निकले। बैग में 38 हजार 40 कैश, टैब, मोबाइल और आधार कार्ड थे। गिरफ्तार बदमाशों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उनके पास से दो बाइक, फर्जी नंबर प्लेट, ऑफिसर से लूटा हुआ आधार कार्ड और टैब बरामद किया गया है।

फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के गोदाम में बड़ा गोलमाल
पलामू के मेदिनीनगर के फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के गोदाम में बड़ा गोलमाल हुआ है। इल्जाम है कि गोदाम से हजारों क्विंटल अनाज गायब हो गया। गरीबों का निवाला किसी और के पेट में चला गया। इस बात का खुलासा कॉर्पोरेशन की जांच से हुआ है। गोदाम मैनेजरों के खिलाफ मेदिनीनगर टाउन थाना में केस दर्ज किया गया है। उम्मीद है कि पुलिस अनुसंधान में अनाज चोरों का एक बड़ा गिरोह बेनकाब हो सकता है।

कोयला कारोबारी मनोज यादव को शूट कर दिया गया
धनबाद के कतरास में आज दिन के उजाले में कोयला कारोबारी मनोज यादव को शूट कर दिया गया। खून से लतपथ मनोज ने अस्पताल जाते हुए रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस वारदात के बाद कुख्यात गैंग्स्टर प्रिंस खान के शूटर मेजर का नाम उछलकर सामने आया है। मेजर द्वारा इस घटना की जिम्मेदारी लेने की बात सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। यह घटना कतरास के छाताबाद के कैलूडीह की है। मनोज के मारने के बाद एक अपराधी ने फोन पर उसके साले को भी धमकी दी। उससे कहा कि तुम मनोज के साले हो ना तुम्हें 36 गोली मारेंगे। वहीं एक पर्चा भी मौके पर छोड़ा गया। गैंग्स्टर प्रिंस खान के नाम पर बीते कई माह से लगातार धनबाद के कारोबारियों को डराया-धमकाया जा रहा है। यह सबकुछ अवैध उगाही के लिए किया जा रहा है। प्रिंस खान गैंग धनबाद में अपने आतंक की गाथा लिख वहां अपनी हुकूमत कायम करने की कोशिश में जुटा है।
नक्सलियों द्वारा झारखंड बंद के ऐलान का कोई खास असर नहीं
नक्सलियों द्वारा झारखंड बंद के ऐलान का कोई खास असर नहीं दिखा
नक्सलियों द्वारा झारखंड बंद के ऐलान का कोई खास असर नहीं दिखा। इक्का-दुक्का इलाकों को छोड़ बाकी जगहों पर जनजीवन सामान्य रहा। वहीं झारखंड पुलिस खासकर हाइवे पुलिस अलर्ट मोड पर रही। गिरिडीह, धनबाद सहित कुछ घोर नक्सल इलाकों में पुलिस ने अपने पहरे में वाहनों का परिचालन करवाया। वहीं, गिरिडीह के डुमरी पथ पर रात के 12 बजे से सुबह 5 बजे तक वाहनों का परिचालन रोक दिया गया। इसके अलावा धनबाद-गया रेलखंड की सुरक्षा पर भी पैनी निगाह रखी गई। यहां एसपी अमित रेणू ने डुमरी एसडीपी मनोज कुमार व सरिया एसडीपीओ नौशाद आलम को निगरानी के लिए विशेष टास्क दिया।

बस और ट्रक में जोरदार टक्कर हो गई
रविवार की भोर में सीवान में कोहराम मच गया। यहां सीवान–सीतलपुर स्टेट हाईवे 73 पर बसंतपुर थाना क्षेत्र के लहेजी गांव के पास एक बस और ट्रक में जोरदार टक्कर हो गई। लोगों की चीख-चित्कार से पूरा इलाका दहल उठा। हादसे में करीब 25 लोग जख्मी हो गये। कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। जख्मी सभी लोगों कों सीवान के सदर अस्पताल में एडमिट कराया गया है। बताया जा रहा है कि धुंध के कारण विजिबलिटी कम थी। इस वजह से दोनों गाड़ियों में भिड़ंत हो गई। हादसे में बस के परखच्चे उड़ गए।

एसी कोच में सफर कर रही एक महिला की आबरू लूट ली गई
लिंक एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में सफर कर रही एक महिला की आबरू लूट ली गई। इल्जाम है कि ट्रेन में टीटीई और उसके एक दोस्त ने महिला के साथ गैंगरेप किया। महिला टीटीई को पहले से जानती थी। वारदात को बीते 16 जनवरी राजघाट से अलीगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच अंजाम दिया गया। वहीं, पीड़िता ने 21 जनवरी को जीआरपी थाना चंदौसी में मामला दर्ज कराया है। पुलिस को दिये अपने बयान में महिला ने बताया कि उसके पास जेनरल टिकट था। दो साल का मासूम बेटा भी साथ था। परिचित टीटीई ने उसे फर्स्ट एसी कोच में बैठा दिया। रात में अपने एक दोस्त के साथ आया और खाना ऑफर किया। मना करने पर अपने वाटर बॉटल से पानी पीने को दिया। इसके बाद महिला बेहोश हो गई। इल्जाम है कि बच्चे को उपर के बर्थ पर रख महिला के साथ गलत काम किया गया। संदेही गुनहगार टीटीई को गिरफ्तार कर लिया गया है।









