Garhwa(Nityanand Dubey) : सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (CHO) की प्रोत्साहन राशि के भुगतान के एवज में कथित अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद गढ़वा जिला प्रशासन ने कार्रवाई की पहल की है। श्री बंशीधर नगर अनुमंडल से जुड़े इस मामले में वायरल ऑडियो की जांच के बाद दो स्वास्थ्यकर्मियों की प्रथमदृष्टया संलिप्तता सामने आयी है। इसके आधार पर DC पशुपति नाथ मिश्रा ने दोनों को कार्यमुक्त करने की अनुशंसा की है। मामले की जांच बीते 23 नवंबर को असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (CS-cum-CMO) और श्री बंशीधर नगर के अनुमंडल पदाधिकारी की संयुक्त टीम ने की थी। जांच में मड़वनिया के सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी अभिषेक सिंह तंवर तथा अनुमंडलीय अस्पताल, नगर उंटारी के प्रखंड लेखा प्रबंधक राजीव रंजन की भूमिका प्रथमदृष्टया संदिग्ध पायी गयी। जांच दल ने दोनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की अनुशंसा की।
NHM के अभियान निदेशक को भेजा गया पत्र
जांच रिपोर्ट के आधार पर DC ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), झारखंड के अभियान निदेशक को पत्र लिखकर दोनों कर्मियों को तत्काल प्रभाव से नियमानुसार कार्यमुक्त करने की अनुशंसा की है। मामला CHO की प्रोत्साहन राशि के भुगतान के बदले कथित रूप से अवैध रकम मांगे जाने से जुड़ा है। DC ने कहा है कि सरकारी प्रोत्साहन राशि के भुगतान के एवज में अवैध रकम मांगने का आरोप गंभीर है। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जायेगी। जिला प्रशासन ने सरकारी योजनाओं के लाभुकों को मिलने वाली राशि के भुगतान में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की बात कही है। वहीं, स्पष्ट किया है कि किसी भी स्तर पर अवैध वसूली और अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जायेगी।






