Ranchi : राजधानी रांची में एक बार फिर शराब की महफिल के बाद रिश्तों और इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। कुछ देर पहले तक साथ बैठकर शराब पी रहे लोग अचानक एक-दूसरे के खून के प्यासे हो गये। मामूली कहासुनी और झगड़े ने ऐसा खौफनाक रूप लिया कि 31 साल के बिट्टू सिंह को अपनी जान गंवानी पड़ी। पहले लकड़ी के बेंत से बेरहमी से पीटा गया और जब वह बेहोश हो गया, तो रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज मामला रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र के सिठियो गांव स्थित डैम साइड का है। यहां 6 नवंबर की सुबह झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में तहलका मच गया था। मारा गया बिट्टू सिंह सेक्टर-9, शर्मा मार्केट, धुर्वा में रहता था। मामले की गंभीरता को देखते हुये रांची पुलिस कप्तान के निर्देश पर हटिया के DSP के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम बनाई गई।
CCTV और मोबाइल लोकेशन ने खोला राज
पुलिस टीम ने मामले की तह तक पहुंचने के लिये CCTV फुटेज खंगाले। मोबाइल फोन का तकनीकी विश्लेषण किया गया और गुप्तचरों की मदद भी ली गई। जांच की कड़ियां धीरे-धीरे जुड़ती गईं और आखिरकार पुलिस ने हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय कुमार सिंह (शर्मा रोड, धुर्वा) और बॉबी विश्वकर्मा (लाह फैक्ट्री, हिंदपीढ़ी) रांची के रूप में हुई है। पुलिस की शुरूआती जांच में जो कहानी सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली है। बताया गया है कि मृतक बिट्टू सिंह और दोनों आरोपियों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच लड़ाई-झगड़ा शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आरोपियों ने गाड़ी में रखे लकड़ी के बेंत से बिट्टू की बेरहमी से पिटाई कर दी। चोट लगने से वह बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपियों ने रस्सी से उसका गला घोंट दिया और उसकी जान ले ली। वारदात के बाद शव को सिठियो डैम साइड की झाड़ियों में फेंक दिया गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कार और लकड़ी का बेंत बरामद किया है। इसके अलावा दोनों आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किये गये हैं।
शराब की महफिल के बाद खू’नी खेल… देखें वीडियो
#RanchiMurder #Dhurwa #BittuSingh #SithiyoDam #RanchiCrimeNews #JharkhandCrime #MurderCase https://t.co/gLqRqSP3mZ— KohramLive (@KohramLive) November 10, 2026








