Kohramlive : दिनभर ऑफिस का काम, घर की जिम्मेदारियां और परिवार की जरूरतें पूरी करने के बाद जब रात में आराम करने का समय आता है, तो कई लोगों का दिमाग और ज्यादा सक्रिय हो जाता है। कभी किसी की कही बात याद आने लगती है, तो कभी पुरानी गलतियों का पछतावा सताने लगता है। अगले दिन के काम, भविष्य की चिंता और रिश्तों से जुड़े सवाल भी मन में घूमने लगते हैं। ऐसे में शरीर थका हुआ होता है, लेकिन दिमाग शांत होने का नाम नहीं लेता। एक विचार खत्म होने से पहले दूसरा शुरू हो जाता है। इसी स्थिति को आम भाषा में ओवरथिंकिंग कहा जाता है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो इसके पीछे कई वजहें हो सकती हैं।
रात होते ही क्यों बढ़ने लगती है ओवरथिंकिंग?
दिनभर हम काम और दूसरी जिम्मेदारियों में व्यस्त रहते हैं। इस दौरान कई बार अपनी भावनाओं और परेशानियों पर ध्यान देने का समय नहीं मिल पाता। रात में जब आसपास शांति होती है और काम की भागदौड़ थम जाती है, तो दिमाग उन्हीं बातों पर लौटने लगता है, जिन्हें हम दिनभर नजरअंदाज करते रहे। किसी से हुई बहस, ऑफिस में मिली डांट, रिश्तों की परेशानी या भविष्य को लेकर अनिश्चितता बार-बार मन में घूम सकती है। एक ही बात पर लगातार विचार करते रहने से बेचैनी बढ़ सकती है। इसका असर नींद आने और उसकी गुणवत्ता पर भी पड़ सकता है।
महिलाओं में हार्मोनल बदलाव भी डाल सकते हैं असर
महिलाओं के जीवन में पीरियड्स, प्रेग्नेंसी और मेनोपॉज जैसे अलग-अलग चरण आते हैं। इन दौरान होने वाले हार्मोनल बदलाव मूड और नींद को प्रभावित कर सकते हैं। कुछ महिलाओं को पीरियड्स से पहले बेचैनी, चिड़चिड़ापन या नींद से जुड़ी परेशानी महसूस हो सकती है। इसके अलावा, घर और ऑफिस की जिम्मेदारियां एक साथ संभालना, परिवार की चिंता करना और खुद के लिये समय नहीं निकाल पाना भी मानसिक थकान बढ़ा सकता है। हालांकि, रात में ओवरथिंकिंग की वजह हर व्यक्ति के लिये अलग हो सकती है।
रात में ओवरथिंकिंग से राहत पाने के 5 आसान तरीके
1. मन की बातें डायरी में लिखेंः सोने से पहले उन बातों को लिख लें, जो आपको परेशान कर रही हैं। अगले दिन किये जाने वाले कामों की सूची भी बना सकते हैं। इससे विचारों को व्यवस्थित करने और जरूरी कामों को लेकर बार-बार सोचने में मदद मिल सकती है।
2. सोने से पहले मोबाइल से बनायें दूरीः बिस्तर पर लेटकर लगातार रील्स देखने या सोशल मीडिया चलाने से बचें। सोने से पहले कुछ समय स्क्रीन से दूर बितायें और अपने दिमाग को आराम करने का मौका दें।
3. गहरी सांस लेने का अभ्यास करेंः कुछ मिनट आराम से बैठकर धीरे-धीरे सांस अंदर लें और फिर धीरे-धीरे बाहर छोड़ें। इस प्रक्रिया को कई बार दोहराएं। सांस पर ध्यान केंद्रित करने से बेचैनी कम करने और मन को शांत करने में मदद मिल सकती है।
4. शाम को चाय-कॉफी का सेवन कम करेंः चाय, कॉफी और दूसरे कैफीन युक्त पेय नींद को प्रभावित कर सकते हैं। खासकर शाम और रात में इनके सेवन से बचना बेहतर हो सकता है, यदि आपको सोने में परेशानी होती है।
5. सोने और जागने का समय तय करेंः रोज लगभग एक ही समय पर सोने और उठने की आदत बनायें। सोने से पहले हल्की किताब पढ़ना, शांत संगीत सुनना या कुछ देर रिलैक्स करना भी मददगार हो सकता है।
कब लेनी चाहिये विशेषज्ञ की सलाह?
अगर कई हफ्तों तक लगातार परेशान करने वाले विचारों के कारण नींद खराब हो रही है, दिनभर थकान बनी रहती है या रोजमर्रा के काम प्रभावित होने लगे हैं, तो मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह लेना उचित है। लगातार बेचैनी या चिंता को केवल अपनी आदत मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिये।
याद रखें: हर समस्या का समाधान उसी रात ढूंढना जरूरी नहीं है। कुछ बातों को अगले दिन के लिये छोड़ देना भी ठीक है। अपने मन को आराम देने, पर्याप्त नींद लेने और खुद के लिये समय निकालने की आदत धीरे-धीरे रात की बेचैनी से निपटने में मदद कर सकती है।









