Lohardaga : घर लौटते वक्त हुये एक सड़क हादसे ने दो परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया। लोहरदगा के कुड़ू में जुगेश मुंडा और उनके चचेरे भाई बजरंग मुंडा की मौत के बाद सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़की चांपी चौक पर दोनों के शव रखकर शंखनदी-लुकुइया मुख्य सड़क जाम कर दी गई। ग्रामीण हादसे से जुड़ी बीकेबी कंपनी के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, दुबांग गांव निवासी जुगेश मुंडा और बजरंग मुंडा शनिवार को कुजरा बाजार गये थे। शाम करीब छह बजे बाइक से घर लौटते समय बड़की चांपी जरियों के पास उनकी बाइक एक हाइवा की चपेट में आ गई। हाइवा बॉक्साइट खाली कर हेसल साइडिंग लौट रहा था।
एक ने मौके पर गंवाई जान, दूसरे की रिम्स में मौत
टक्कर इतनी गंभीर थी कि बजरंग मुंडा की मौके पर ही मौत हो गई। जुगेश को घायल अवस्था में लोहरदगा सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव बड़की चांपी चौक लाये गये। ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर वाहनों की आवाजाही रोक दी। उनकी मांग है कि बीकेबी कंपनी के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचें और उनकी बात सुनें। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। कुड़ू पुलिस मौके पर मौजूद है और जाम हटाने के लिए ग्रामीणों से बातचीत कर रही है









