Kohramlive : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (CSE Prelims) 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म करते हुये आयोग ने सफल उम्मीदवारों की सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है। इस वर्ष कुल 13,343 अभ्यर्थियों ने मुख्य परीक्षा (Mains) के लिये क्वालिफाई किया है। आयोग द्वारा जारी परिणाम के अनुसार, भारतीय वन सेवा (IFS) के लिये आयोजित प्रारंभिक परीक्षा में 1,046 उम्मीदवार सफल घोषित किये गये हैं। UPSC ने यह भी बताया कि एक अभ्यर्थी का परिणाम फिलहाल रोका गया है।
5 लाख से अधिक उम्मीदवार हुये थे शामिल
UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 का आयोजन 24 मई को देशभर के 2,073 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। परीक्षा में 5.01 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल हुये थे। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 933 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। चयन प्रक्रिया तीन चरणों, प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और व्यक्तित्व परीक्षण (इंटरव्यू) के आधार पर पूरी की जायेगी। प्रारंभिक परीक्षा दो शिफ्टों में आयोजित की गई थी। इसमें दो प्रश्नपत्र शामिल थे। पहला पेपर वस्तुनिष्ठ (Objective) प्रकार का था, जिसमें बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गये थे। दूसरा प्रश्नपत्र परीक्षा नियमों के तहत निर्धारित विषयों पर आधारित था। आयोग ने 28 मई 2026 को प्रारंभिक परीक्षा की आंसर-की भी जारी कर दी थी।
IAS, IPS समेत कई प्रतिष्ठित सेवाओं में होगा चयन
UPSC सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में गिनी जाती है। इसके माध्यम से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) सहित विभिन्न केंद्रीय सेवाओं में अधिकारियों का चयन किया जाता है। प्रारंभिक परीक्षा में सफल उम्मीदवार अब मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे, जिसे चयन प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण चरण माना जाता है।
ऐसे चेक करें रिजल्ट
- यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जायें।
- होमपेज पर उपलब्ध “UPSC CSE Prelims Result 2026” लिंक पर क्लिक करें।
- रिजल्ट PDF डाउनलोड करें।
- अपने रोल नंबर को सूची में खोजें।
- भविष्य के लिये रिजल्ट की प्रति सुरक्षित रख लें।
इसे भी पढ़ें : झारखंड में कहीं बारिश और कहीं गरज-चमक के आसार…
इसे भी पढ़ें : वैज्ञानिकों की चेतावनी: दुनिया के कुछ हिस्सों में रहेगी गर्मी, कहीं छा सकता है अंधेरा…
इसे भी पढ़ें : रश्मिका ने बदला अपना नाम, फैंस बोले, गजब…
इसे भी पढ़ें : फोर्ब्स की सूची में 30 भारतीय मूल के दिग्गज शामिल, चमके भारतवंशी…
इसे भी पढ़ें : रांची में 12वीं नेशनल चैंपियनशिप कल से, देशभर के खिलाड़ी दिखायेंगे दम…








