Kohramlive : रूस और यूक्रेन के बीच लंबे समय से जारी जंग को रोकने की कोशिशों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। ट्रंप के मुताबिक, दोनों देशों के बीच ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने के लिये तत्काल प्रभाव से सीजफायर लागू हो गया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर इसकी घोषणा करते हुये दोनों पक्षों को समझौते का उल्लंघन नहीं करने की चेतावनी भी दी। हालांकि, इस कथित सीजफायर की शर्तें क्या हैं, यह कितने समय तक लागू रहेगा और इसे जमीन पर कैसे लागू किया जायेगा, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में अब पूरी दुनिया की नजर रूस और यूक्रेन की अगली प्रतिक्रिया पर टिकी है।
ट्रंप का दावा- ऊर्जा ठिकानों पर नहीं होंगे हमले
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध में तत्काल प्रभाव से ऊर्जा सीजफायर लागू है और दोनों पक्ष इस पर सहमत हो गये हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इसका उल्लंघन नहीं होना चाहिये। ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने की पहल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि युद्ध के दौरान बिजली संयंत्र, तेल रिफाइनरी और अन्य ऊर्जा सुविधाएं लगातार निशाने पर रही हैं। इन पर हमलों का असर आम नागरिकों की जिंदगी, बिजली आपूर्ति और आर्थिक गतिविधियों पर भी पड़ता है। हालांकि, ट्रंप के बयान के बाद यह स्पष्ट होना बाकी है कि रूस और यूक्रेन ने औपचारिक रूप से किन शर्तों को स्वीकार किया है।
जेलेंस्की बोले, 60 दिन युद्ध रोकिये, यूक्रेन में होंगे चुनाव
ट्रंप के ऐलान से पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अमेरिकी समाचार चैनल ABC के कार्यक्रम ‘दिस वीक’ में बातचीत के दौरान 60 दिनों के पूर्ण युद्धविराम का प्रस्ताव रखा था। जेलेंस्की ने कहा कि अगर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो महीने यानी 60 दिनों के लिये पूरी तरह युद्ध रोकने पर सहमत हो जाते हैं, तो यूक्रेन में चुनाव कराने की व्यवस्था की जा सकती है। उन्होंने अपील करते हुये कहा, “कृपया पुतिन से कहिये कि हमें दो महीने, 60 दिनों का पूर्ण युद्धविराम दें। 60 दिन और हम चुनाव करा देंगे।” जेलेंस्की का तर्क है कि युद्धविराम से चुनाव कराने के लिये जरूरी सुरक्षा और प्रशासनिक परिस्थितियां तैयार करने में मदद मिल सकती है। यूक्रेन में फिलहाल मार्शल लॉ लागू है, जिसके तहत चुनाव कराने पर रोक है। यूक्रेनी नेतृत्व पहले भी कहता रहा है कि युद्ध के दौरान देशव्यापी चुनाव कराना सुरक्षा और व्यवस्थागत लिहाज से बेहद चुनौतीपूर्ण है। ऐसे में 60 दिनों के युद्धविराम का प्रस्ताव केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है। हालांकि, चुनाव की तारीख, सुरक्षा व्यवस्था और कानूनी प्रक्रिया को लेकर अंतिम निर्णय युद्धविराम की शर्तों तथा यूक्रेन के लागू कानूनों पर निर्भर करेगा।
यूक्रेन तैयार, रूस से भी मांगी गारंटी
जेलेंस्की ने कहा था कि यूक्रेन रूसी तेल रिफाइनरियों पर हमले रोकने के लिये तैयार है, लेकिन रूस को भी यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे पर हमले बंद करने होंगे। यूक्रेन का कहना है कि ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने का फैसला दोनों पक्षों पर समान रूप से लागू होना चाहिये। कीव लगातार रूसी ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाकर मॉस्को की कमाई और युद्ध लड़ने की क्षमता पर दबाव बनाने की कोशिश करता रहा है। जेलेंस्की ने यह भी जोर दिया कि किसी भी समझौते के साथ ठोस सुरक्षा गारंटी होनी चाहिये, ताकि युद्धविराम का इस्तेमाल केवल रणनीतिक फायदा उठाने के लिए न किया जाये।









