The Family Man 2 Trailer: दो मिनट 49 सेकंड के इस ट्रेलर में मनोज बाजपेयी अपनी शादी बचाने को जूझते नजर आ रहे हैं, वहीं एक नए मिशन में शामिल होते दिख रहे हैं। मेकर्स ने अमेजन प्राइम की इस लोकप्रिय वेबसीरीज का ट्रेलर जारी कर दिया है। मनोज बाजपेयी के अलावा समांथा अक्किनेनी, प्रियमणि, शारिब हाशमी, सीमा बिस्वास, दर्शन कुमार, शरद केलकर, सनी हिंदुजा, श्रेया धनवंतरी, शहाब अली, वेदांत सिन्हा और महेक ठाकुर के अभिनय से सजी इस वेबसीरीज के दूसरे सीजन का इंतजार ना जाने कब से है। नया सीजन 4 जून को जारी होगा।
समांथा अक्किनेनी का कैरेक्टर काफी प्रभावित करता नजर आ रहा है। दर्शकों में जबर्दस्त सनसनी और सिहरन पैदा करने वाले शो के 9 पार्ट के नए सीजन में श्रीकांत को मध्यम वर्गीय फैमिली मैन और वर्ल्ड क्लास जासूस के अपने डबल किरदार के बीच उसी तरह जूझते देख सकेंगे, जैसा कि वह अब तक सीरीज में दिखते आए हैं। शो के नए सीजन में भी श्रीकांत निकट भविष्य में होने वाली किसी अप्रिय घटना से अपने देश को बचाने की कोशिश करते नजर आएंगे। शो में जबर्दस्त ट्विस्ट लाने वाली घटनाओं के बीच दर्शक ऐसा क्लाइमेक्स देख पाएंगे, जिसकी उन्होंने कभी आशा भी नहीं की होगी। आपको बांधे रखने वाले एक्शन ड्रामा सीरीज के नए सीजन में दर्शकों को श्रीकांत के दोहरे संसार की दिलचस्प झलक मिलेगी।
यह कयास लगाए जा रहे हैं कि द फैमिली मैन की तरह ही द फैमिली मैन 2 बेहद खास होगा और दर्शकों को इसमें कुछ नया देखने को मिलेगा। यह आशा है कि द फैमिली मैन 2 में कुछ नए कलाकार जुड़ेंगे लेकिन फिलहाल इसी बात का पता चला है कि सामंथा अक्किनेनी इस वेब सीरीज का नया हिस्सा हैं। सामंथा को बधाई देते हुए राज और डीके ने उनके कैरेक्टर नेम को भी उजागर कर दिया है। राज और डीके के स्टेटमेंट से यह पता लगाया जा सकता है कि द फैमिली मैन 2 में सामंथा का कैरेक्टर नेम राजी होने वाला है।







