Ranchi : रांची में शुक्रवार रात एक भीषण हादसा हुआ, जब एक पुलिस गाड़ी धुर्वा डैम में जा गिरी। हादसे में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान जमशेदपुर के प्रिंसिपल जिला जज के दो बॉडीगार्ड और एक सरकारी ड्राइवर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, ये पुलिसकर्मी ज्यूडिशल एकेडमी से स्विफ्ट कार में सवार होकर धुर्वा डैम की ओर जा रहे थे, तभी कार अनियंत्रित होकर डैम में गिर गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस और गोताखोरों ने करीब 2 से 3 घंटे की मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाला, जिसमें तीन शव और दो पुलिस हथियार बरामद किये गये। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा कितना गंभीर है, इसका पता तब चलेगा जब वाहन की जांच पूरी होगी। हादसे में मारे गये पुलिसकर्मियों की पहचान उपेंद्र कुमार सिंह, रोबिन कुजूर और सतेंद्र सिंह के रूप में हुई है।




