Hazaribagh : हजारीबाग के बरही की फोरलेन सड़क पर बुधवार की सुबह ऐसा दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसने एक खुशहाल सफर को पल भर में बर्बाद कर दिया। आसनसोल के कुल्टी से एक शादी समारोह में शामिल होने बिहार जा रहा परिवार खुशियों की राह पर निकला था, लेकिन पंचमाधव गंगटाही पुल के पास किस्मत ने करवट ली और उनकी स्विफ्ट कार डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार मलबे के ढेर में बदल गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में परिवार के तीन लोग पूनम देवी, जय भगवान यादव और मासूम अंशिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जैसे खुशी की डोली उठने से पहले ही मातम की चादर बिछ गई हो।









